
Bjp
पटना, 5 सितंबर। शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से शिक्षा क्षेत्र और शिक्षकों के हित में की गई घोषणाओं का बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इन फैसलों से शिक्षकों के सम्मान और हितों को मजबूती मिलने के साथ बिहार की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने में मदद मिलेगी।
सरावगी ने शिक्षक प्रशिक्षण विश्वविद्यालय की स्थापना के निर्णय को शिक्षा क्षेत्र में दूरगामी असर डालने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीक, नई शैक्षणिक पद्धतियों और बदलती जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देने की व्यवस्था मजबूत होगी। उनके अनुसार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दक्ष और प्रशिक्षित शिक्षक सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
उन्होंने वित्त रहित शिक्षकों के लिए अलग वेतनमान लागू करने की घोषणा को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताया। सरावगी ने कहा कि लंबे समय से शिक्षा व्यवस्था में योगदान दे रहे वित्त रहित शिक्षकों के आर्थिक हितों और सम्मान को ध्यान में रखकर लिया गया यह निर्णय उनके मनोबल को बढ़ाने वाला है और सरकार की शिक्षकों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने शिक्षकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का प्रशिक्षण देने के फैसले को भी समय की जरूरत बताया। उन्होंने कहा कि तकनीक तेजी से शिक्षा का हिस्सा बन रही है, ऐसे में शिक्षकों को एआई की जानकारी और प्रशिक्षण से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने बिहार में आधुनिक एआई इकोसिस्टम विकसित करने तथा विद्यार्थियों के लिए बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) का सेंटर स्थापित करने के प्रयास को भी महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार इससे राज्य के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, तकनीक और शोध के क्षेत्र में नए अवसर मिल सकते हैं।
सरावगी ने संस्कृत बोर्ड और मदरसा शिक्षकों के लंबित वेतन के भुगतान के निर्णय का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों को इससे राहत मिलेगी और शिक्षा व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास मजबूत होगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार को ज्ञान, तकनीक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मजबूत केंद्र बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे बदलाव विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे।
सरावगी ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान, विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा व्यवस्था का सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के हित में घोषणाएं करने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताते हुए उनका अभिनंदन किया।
