CJP Protest: 'मैं उनको सलाम करता हूं जिन्होंने...', जंतर-मंतर आंदोलन पर असदुद्दीन ओवैसी का बड़ा बयानAIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने जंतर-मंतर पर चल रहे CJP के छात्र आंदोलन और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों की सराहना करते हुए इसे युवाओं की जीत बताया। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति, गठबंधन और बुलडोजर कार्रवाई जैसे मुद्दों पर भी केंद्र और राज्य सरकार को घेरा।

CJP Protest: 'मैं उनको सलाम करता हूं जिन्होंने...', जंतर-मंतर आंदोलन पर असदुद्दीन ओवैसी का बड़ा बयान Source:NDtv.com

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद पहुंचे AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला और आगामी यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी पार्टी की रणनीति भी स्पष्ट की। उन्होंने NEET-UG पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्रों के आंदोलन की जीत बताया। ओवैसी ने कहा, "मैं उनको सलाम करता हूं जिन्होंने जंतर-मंतर पर बैठकर ऐसा मंत्र पढ़ा कि पीएम मोदी को रात के अंधेरे में वीडियो बनाना पड़ा।" उन्होंने कहा कि यह देश के युवाओं की जीत है। मुरादाबाद में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने योगी आदित्यनाथ सरकार और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा।

2029 में युवा प्रधानमंत्री बनाने की बात

ओवैसी ने कहा कि AIMIM आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक युवा उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे युवाओं को टिकट देगी जो बेबाकी से जनता की आवाज उठाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, "हमारी कोशिश होगी कि 2029 के लोकसभा चुनाव के बाद देश का प्रधानमंत्री 80 साल का नहीं, बल्कि 42 से 45 साल की उम्र का कोई युवा नेता हो। यही हमारा लक्ष्य है।"

मस्जिद-मदरसों पर कार्रवाई का उठाया मुद्दा

ठाकुरद्वारा क्षेत्र में मस्जिदों, मदरसों और कब्रिस्तानों पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी ओवैसी ने योगी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग ने 36 मस्जिदों, मदरसों और कब्रिस्तानों की सूची तैयार की है। उन्होंने स्थानीय विधायक पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा, "बाबा 80-20 की बात करेंगे और सपा वाले कहेंगे कि 20 हमारे साथ हैं। हम किसी की जेब में नहीं हैं। हमारी लड़ाई किसी धर्म के खिलाफ नहीं, बल्कि इंसाफ और हिस्सेदारी की है।"

अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना

असदुद्दीन ओवैसी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "अब हम दरी बिछाकर नीचे नहीं बैठेंगे। अगर अखिलेश कुर्सी पर बैठेंगे तो हम भी सामने पैर पर पैर रखकर बैठेंगे और अपने हक की बात करेंगे।"

विपक्षी दलों को दिया गठबंधन का संदेश

आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर ओवैसी ने विपक्षी दलों को गठबंधन का प्रस्ताव भी दिया। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष वास्तव में बीजेपी सरकार को दोबारा सत्ता में आने से रोकना चाहता है तो उसे साथ आना चाहिए। उन्होंने कहा, "हम गठबंधन के लिए तैयार हैं। बाद में चुनाव हारने के बाद Inst से कोई फायदा नहीं होगा।"

पेलट गन के इस्तेमाल पर उठाए सवाल

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पेलट गन के इस्तेमाल के आरोपों को लेकर भी ओवैसी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पेलट गन से 19 वर्षीय साहिल, 32 वर्षीय महिला और 28 वर्षीय युवक समेत कई लोग घायल हुए। उन्होंने मांग की कि पेलट गन चलाने का आदेश देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। ओवैसी ने दावा किया कि वर्ष 2016 से 2019 के बीच पेलट गन के इस्तेमाल से 140 लोग अपनी आंखों की रोशनी खो चुके हैं, जबकि करीब 14 हजार लोगों की आंखों में छर्रे लगे थे।