
नगर परिषद सभापति कमरून निशा
बक्सर ज़िले में बढ़ती आबादी, जाम की समस्या और बुनियादी सुविधाओं की कमी को देखते हुए नगर परिषद ने शहर के विकास से जुड़े कई बड़े प्रस्ताव सामने रखे हैं। शुक्रवार को समाहरणालय में आयोजित दिशा समिति की बैठक के दौरान नगर परिषद की सभापति कमरून निशा ने स्थानीय सांसद और समिति के अध्यक्ष सुधाकर सिंह को दो बहुत ही अहम मांग पत्र सौंपे। इन मांग पत्रों में शहर को सुंदर बनाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर करने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और आम लोगों के लिए जरूरी सुविधाएं बढ़ाने की मांग की गई है। सभापति ने उम्मीद जताई कि इन योजनाओं पर जल्द काम शुरू होने से शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
मृत नहर के किनारे विकसित करने की योजना
पहले मांग पत्र में मृत नहर के दोनों किनारों का सौंदर्यीकरण करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके तहत वॉकिंग ट्रैक, नौकायन, मनोरंजन स्थल, वेंडिंग जोन और पौधारोपण की व्यवस्था करने की मांग की गई। इसके लिए नहर विभाग से एनओसी दिलाने का अनुरोध भी किया गया। इसके अलावा वीर कुंवर सिंह सेतु से सारिमपुर बवली और अहिरौली होते हुए एनएच-922 तक आरसीसी नाला, सड़क, फुटपाथ और पेवर ब्लॉक बनाने की मांग की गई।
सब्जी बाजार को दूसरी जगह ले जाने का सुझाव
किला मैदान और नगर परिषद कार्यालय के पास लगने वाली सब्जी मंडी को नहर विभाग की जमीन पर स्थानांतरित करने का सुझाव दिया गया है। इससे शहर में लगने वाले जाम की समस्या कम हो सकेगी। साथ ही विभिन्न विभागों से लंबित एनओसी दिलाकर सामुदायिक शौचालयों का निर्माण शुरू कराने की भी मांग की गई।
‘बक्सर हाट’ परियोजना जल्द शुरू करने की मांग
दूसरे मांग पत्र में गोलंबर के पास प्रस्तावित ‘बक्सर हाट’ परियोजना को जल्द शुरू करने की मांग की गई। सभापति ने बताया कि वर्ष 2022 में तत्कालीन जिलाधिकारी अमन समीर ने इस योजना के लिए एक अनुश्रवण समिति बनाई थी। इस योजना का मकसद गोलंबर चौक को अतिक्रमण मुक्त करना, व्यवस्थित बाजार तैयार करना, बाहर से आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं देना और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाना है। इसके साथ ही नगर परिषद की आय बढ़ाने और लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर भी जोर दिया गया है।
सभापति कमरून निशा ने कहा कि शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ये दोनों मांग पत्र सांसद को सौंपे गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन प्रस्तावों पर जल्द सकारात्मक पहल होगी और उनकी मांगे पूरी होगी।
