पटना। संत शिरोमणि श्री रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा पटना महानगर की ओर से मंदिरी स्थित रविदास आश्रम में कलश वितरण समारोह का आयोजन किया गया। नवीन सिन्हा पथ स्थित रविदास आश्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में विधान परिषद के उप सचेतक जनक चमार, राज्यसभा सांसद भीम सिंह, विधायक सुजीत पासवान और भाजपा नेता संजय गुप्ता समेत अन्य नेता उपस्थित रहे। इस अवसर पर संत रविदास महाराज के चित्र पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर उनके सामाजिक और आध्यात्मिक योगदान को याद किया गया।
समारोह के दौरान श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों के बीच कलश का वितरण किया गया। वक्ताओं ने संत रविदास के जीवन और उनके विचारों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि उन्होंने समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और भेदभाव से ऊपर उठकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं समाज के हर वर्ग को समान सम्मान और अवसर देने की भावना को मजबूत करती हैं। उनकी जयंती के अवसर पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संत रविदास के बताए मार्ग पर चलने और समाज में आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। समारोह में स्थानीय स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भी सक्रिय भागीदारी रही।
