Source: Pinterest

Source: Pinterest

बिहार में मानसून की रफ्तार अभी धीमी है।मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के 19 जिलों में बारिश का अनुमान जताया है। हालांकि, झमाझम बारिश का अभी और इंतजार करना होगा। बारिश के बीच मौसम विभाग ने गर्मी को लेकर भी चेतावनी दी है। अगले 4 से 5 दिनों में बिहार के कई इलाकों का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे उमस और गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। मंगलवार को पटना में हुई हल्की बारिश से मौसम जरूर सुहावना हुआ, लेकिन यह राहत ज्यादा देर टिकने वाली नहीं है। लेकिन मौसम विभाग की ओर से ये जनकाकरि मिली है कि बुधवार के बाद पटना समेत 14 जिलों में एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ सकता है।

आज से अगले चार दिन तक बारिश हो सकती है

पश्चिम से आए मौसमी बदलाव की वजह से मुजफ्फरपुर जिले में मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। इससे तापमान में कमी आई है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले तीन दिनों में औसत बारिश 13.8 एमएम दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक धूप और बादलों के बीच हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके बाद अगले तीन दिनों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने और तेज हवा चलने की भी संभावना है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग ने मंगलवार को अगले पांच दिनों का मौसम अपडेट जारी किया है ।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि 8 से 10 जुलाई तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। मंगलवार को ज्यादा से ज्यादा तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और कम से कम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

8 से 12 जुलाई तक गरज चमक और बारिश के आसार

भागलपुर में मानसून के असर से लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली है। सुबह का मौसम काफी सुहावना देखा गया। जिले के कुछ इलाकों में करीब 0.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि शहर के कई हिस्सों में हल्की बारिश होने से मौसम खुशगवार हो गया। बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) सबौर और भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 8 से 12 जुलाई के बीच दक्षिण बिहार के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवा चल सकती है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है।मौसम विभाग का अनुमान है कि इन दिनों तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

बीएयू के मुताबिक, मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा। किसानों को 10 जुलाई तक धान की बुआई पूरी करने की सलाह दी गई है।