सांप को बदन पर लपेटकर सड़क पर घूमती जानकी देवी Source : Abp News
पश्चिम चंपारण: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में ‘स्नेक लेडी’ के नाम से मशहूर जानकी देवी एक बार फिर चर्चा में हैं। सैकड़ों जहरीले सांपों का रेस्क्यू कर चुकीं जानकी देवी इस बार 10 फीट लंबे किंग कोबरा को पकड़ने के दौरान खुद उसके डसने का शिकार हो गईं। घटना वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के बिसहा गांव की है, जहां एक घर में निकले विशालकाय किंग कोबरा का रेस्क्यू करते समय यह हादसा हुआ। इलाज के बाद उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घर में निकला 10 फीट लंबा किंग कोबरा, जानकी देवी ने संभाला मोर्चा
बुधवार (15 जुलाई) को बिसहा गांव निवासी मुनिलाल तिवारी के घर में करीब 10 फीट लंबा किंग कोबरा निकल आया। सांप को देखते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। इसके बाद गांव वालों ने इलाके की प्रसिद्ध स्नेक कैचर जानकी देवी को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने सावधानी के साथ किंग कोबरा का रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान उन्होंने सांप को अपने शरीर पर लपेट लिया और आखिरकार उसे सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
रेस्क्यू के दौरान डसा, पहले भी चार बार काट चुका है सांप
रेस्क्यू के दौरान ही किंग कोबरा ने जानकी देवी को डस लिया। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए नेपाल के त्रिवेणी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, इससे पहले भी उन्हें चार बार सांप काट चुका है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने सांपों का रेस्क्यू करना नहीं छोड़ा। जानकी देवी लंबे समय से लोगों और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए यह काम कर रही हैं।
बरसात में बढ़ जाता है खतरा, ‘स्नेक लेडी’ के साहस की हो रही चर्चा
बरसात के मौसम में नेपाल से आने वाली पहाड़ी नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण वाल्मीकिनगर और आसपास के रिहायशी इलाकों में अक्सर सांप और अन्य वन्यजीव निकल आते हैं। ऐसे समय में जानकी देवी लोगों की मदद के लिए सबसे पहले पहुंचती हैं और सांपों को सुरक्षित जंगल में छोड़ देती हैं। उनके साहस और समर्पण की वजह से इलाके में लोग उन्हें ‘स्नेक लेडी’ के नाम से जानते हैं और एक बार फिर उनके इस जज्बे की जमकर सराहना हो रही है।

