
NDA बैठक में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी।Source : Chrome
बिहार की राजनीति में शुक्रवार का दिन काफी अहम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एनडीए के सभी सहयोगी दलों की बड़ी बैठक बुलाई है, जिसमें गठबंधन के जिला स्तर के संगठनात्मक नेताओं से लेकर सरकार के वरिष्ठ मंत्री तक शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में सरकार के कामकाज, संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
पहली बार सभी जिलाध्यक्षों से करेंगे सीधा संवाद
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार दोपहर 12 बजे लोक सेवक आवास पर एनडीए की बैठक करेंगे। इसमें जनता दल (यू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) समेत गठबंधन के सभी सहयोगी दलों के जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। इसके अलावा बिहार सरकार के मंत्री और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता भी बैठक का हिस्सा बनेंगे। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस बैठक में मौजूद रह सकते हैं।
जिलों के राजनीतिक हालात पर होगी चर्चा
यह पहली बार होगा जब मुख्यमंत्री सभी सहयोगी दलों के जिला स्तर के संगठनात्मक नेतृत्व के साथ एक ही मंच पर संवाद करेंगे। माना जा रहा है कि बैठक में अलग-अलग जिलों की राजनीतिक स्थिति, स्थानीय चुनौतियों और संगठन की सक्रियता पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही जमीनी स्तर से मिले सुझावों पर भी विचार किया जाएगा।
बांकीपुर उपचुनाव पर बन सकती है रणनीति
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव भी प्रमुख एजेंडे में शामिल रह सकता है। चुनाव को लेकर एनडीए की रणनीति, प्रचार अभियान और सहयोगी दलों के बीच बेहतर तालमेल पर चर्चा होने की संभावना है। इसके जरिए गठबंधन की एकजुटता का संदेश देने की भी कोशिश की जाएगी।
सरकारी योजनाओं की समीक्षा भी होगी
बैठक में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा। जिलाध्यक्षों से योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर फीडबैक लिया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर उनमें सुधार किया जा सके। साथ ही विकास कार्यों की प्रगति और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
संगठन और सरकार के बीच बढ़ेगा समन्वय
बैठक का एक अहम उद्देश्य सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना भी है। मुख्यमंत्री सहयोगी दलों के नेताओं से सुझाव सुनेंगे और स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं की जानकारी लेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक के जरिए एनडीए आने वाले राजनीतिक और चुनावी कार्यक्रमों के लिए साझा रणनीति तैयार करने की दिशा में भी कदम बढ़ाएगा।
