बांकीपुर में लगे प्रशांत किशोर के विवादित पोस्टर
पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव का सियासी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। चुनाव प्रचार के बीच अब जन सुराज के सूत्रधार और पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर को लेकर एक विवादित पोस्टर सामने आया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। पोस्टर में प्रशांत किशोर पर कई तीखे तंज कसे गए हैं और जन सुराज पर भी निशाना साधा गया है। पोस्टर सामने आने के बाद यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है।
पोस्टर में प्रशांत किशोर पर साधा गया निशाना
बांकीपुर में लगाए गए इस पोस्टर पर लिखा है, “केसी सिन्हा तो झांकी है, जमानत जब्त होना अभी बाकी है।” पोस्टर में प्रशांत किशोर को मुस्लिम टोपी पहने हुए दिखाया गया है। उनके हाथ में नोटों की गड्डी दिखाई गई है और साथ में लिखा गया है, “वोट नहीं, नोट चाहिए।” इतना ही नहीं, पोस्टर में ‘जन सुराज’ की जगह ‘धन सुराज’ लिखकर भी उन पर कटाक्ष किया गया है। पोस्टर पर इसे “बांकीपुर की जनता” की ओर से लगाया गया बताया गया है।
चुनावी माहौल में बढ़ी सियासी हलचल
इस पोस्टर के जरिए प्रशांत किशोर पर वोट काटने की राजनीति करने का आरोप लगाया गया है। साथ ही यह दावा भी किया गया है कि इस उपचुनाव में उनकी जमानत जब्त हो जाएगी। पोस्टर में मुस्लिम टोपी के जरिए उन्हें एक खास वर्ग की राजनीति से जोड़ने की कोशिश भी दिखाई गई है। पोस्टर सामने आने के बाद बांकीपुर की चुनावी सरगर्मी और तेज हो गई है तथा इसे लेकर राजनीतिक चर्चाओं का दौर जारी है।
30 जुलाई को मतदान, जन सुराज को पहले ही लग चुका है झटका
गौरतलब है कि बीजेपी नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हुई थी, जिसके चलते यहां 30 जुलाई को उपचुनाव होना है। नितिन नवीन इस सीट से लगातार चार बार विधायक रहे हैं। इस बीच चुनाव से पहले जन सुराज को उस समय बड़ा झटका लगा, जब पार्टी के वरिष्ठ नेता के.सी. सिन्हा और रितेश रंजन उर्फ बिट्टू सिंह समेत कई नेताओं ने बीजेपी का दामन थाम लिया। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। के.सी. सिन्हा पिछला विधानसभा चुनाव कुम्हरार सीट से, जबकि बिट्टू सिंह दीघा विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के उम्मीदवार रहे थे। ऐसे में उपचुनाव से ठीक पहले इन नेताओं का बीजेपी में जाना जन सुराज के लिए राजनीतिक रूप से बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
