लाओस में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। यहां एक गुफा में फंसे 7 लोगों में से 5 लोगों को कई दिनों की कड़ी मेहनत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, दो लोग अब भी लापता हैं और रेस्क्यू टीम उनकी तलाश में लगातार जुटी हुई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना लाओस के जायसोमबून प्रांत की है। बताया जा रहा है कि 19 मई को सात लोग एक गुफा के अंदर गए थे। इसी दौरान इलाके में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश का पानी तेजी से गुफा के अंदर भरने लगा, जिससे बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया और सभी लोग अंदर ही फंस गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। बचाव अभियान में लाओस और थाईलैंड की टीमों ने मिलकर काम किया। लगातार बारिश, पहाड़ी इलाका और गुफा का संकरा रास्ता रेस्क्यू ऑपरेशन में सबसे बड़ी चुनौती बना रहा। कई जगहों पर गोताखोरों को पानी के बीच होकर अंदर जाना पड़ा।

रेस्क्यू टीम ने बताया कि गुफा तक पहुंचने के लिए करीब 4 किलोमीटर तक पहाड़ी रास्ते पर पैदल चढ़ाई करनी पड़ती है। वहीं गुफा के अंदर जाने का रास्ता इतना संकरा है कि एक बार में केवल एक व्यक्ति ही वहां से गुजर सकता है। इन मुश्किल हालात के बावजूद बचाव दल ने पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू ऑपरेशन से जुड़े एक सदस्य ने बताया कि गुफा के अंदर फंसे लोगों को ढूंढना बेहद कठिन था। अंधेरा, पानी और फिसलन की वजह से टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, लगातार कोशिशों के बाद पांच लोगों को जिंदा ढूंढ लिया गया, जिससे उनके परिवारों ने राहत की सांस ली।

फिलहाल दो लोगों की तलाश अब भी जारी है। प्रशासन का कहना है कि जब तक दोनों लोगों का पता नहीं चल जाता, तब तक रेस्क्यू अभियान बंद नहीं किया जाएगा।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, इस गुफा में आसपास के लोग अक्सर जाते रहते हैं। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि कई लोग यहां सोने की तलाश में पहुंचते हैं। हालांकि, प्रशासन पहले भी लोगों को इस इलाके में सावधानी बरतने की चेतावनी देता रहा है।

इस घटना के बाद इलाके में डर और चिंता का माहौल है। भारी बारिश और बाढ़ की वजह से पहाड़ी क्षेत्रों में खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान गुफाओं और नदी-नालों के पास न जाने की अपील की है।