मुहम्मदाबाद आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूर्व सांसद अतुल राय ने बड़ा राजनीतिक संकेत दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि उनके परिवार का एक सदस्य आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरेगा। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी या उनके भाई में से किसी एक को चुनावी मैदान में उतारने पर विचार किया जा रहा है।
इस एलान ने पूर्वांचल की राजनीति को गरमा दिया है
मुहम्मदाबाद या जमानियां सीट से लड़ सकते है चुनाव
अतुल राय ने कहा कि परिवार की ओर से प्रत्याशी मुहम्मदाबाद अथवा जमानियां विधानसभा क्षेत्र में से किसी एक सीट से चुनाव लड़ेगा। हालांकि, प्रत्याशी और विधानसभा क्षेत्र को लेकर अंतिम निर्णय अभी नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद उचित समय पर इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।
लोकसभा चुनाव को लेकर भी साफ किया रुख
पूर्व सांसद ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य आगामी लोकसभा चुनाव है और वह एक बार फिर घोसी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने इसे अपना निश्चित राजनीतिक निर्णय बताते हुए कहा कि वह क्षेत्र की जनता के बीच लगातार सक्रिय हैं।
राजनीतिक गलियारों में बढ़ी चर्चाएं
अतुल राय के इस बयान के बाद मुहम्मदाबाद और जमानियां विधानसभा क्षेत्रों में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह घोषणा आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए की गई रणनीतिक तैयारी का हिस्सा है। उनके इस ऐलान से स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।
स्थानीय स्तर पर बढ़ी हलचल
पूर्व सांसद के परिवार से संभावित प्रत्याशी उतारे जाने की घोषणा के बाद क्षेत्रीय राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न दलों के कार्यकर्ता और समर्थक आगामी चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चा कर रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रत्याशी के नाम और सीट को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकती है।
