गर्मी का मौसम शुरू होते ही कई लोग पसीने की बदबू की समस्या से परेशान रहने लगते हैं। कई बार यह समस्या लोगों के सामने शर्मिंदगी की वजह भी बन जाती है और आपका इम्प्रेशन खराब कर सकती है। देश की जानी-मानी ब्यूटीशियन शहनाज हुसैन ने पसीने की बदबू से राहत पाने के लिए कुछ आसान और घरेलू उपाय बताए हैं, जिन्हें अपनाकर आप पूरे दिन फ्रेश महसूस कर सकते हैं।
कोलोन का इस्तेमाल करें
गर्मी के मौसम में परफ्यूम की जगह कोलोन का इस्तेमाल करना ज्यादा बेहतर माना जाता है। इसकी खुशबू लंबे समय तक बनी रहती है। नहाने से पहले पानी में कोलोन की कुछ बूंदें मिला लें। इस पानी से नहाने पर दिनभर ताजगी और भीनी खुशबू बनी रहती है।
बेकिंग सोडा का पेस्ट हो सकता है फायदेमंद
पसीने की बदबू दूर करने में बेकिंग सोडा काफी असरदार माना जाता है। इसके लिए एक चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसमें नींबू के रस की कुछ बूंदें भी मिलाई जा सकती हैं। इस पेस्ट को लगभग 10 मिनट तक अंडरआर्म्स पर लगाकर रखें और फिर धो लें। चाहें तो बेकिंग सोडे में टैल्कम पाउडर मिलाकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
फिटकरी और पुदीने वाला पानी देगा राहत
नहाने के पानी में एक चम्मच फिटकरी मिलाएं। इसके बाद पुदीने की पत्तियों को कूटकर पानी में डाल दें। इस पानी से नहाने पर पसीने की बदबू कम करने में मदद मिलती है। नहाते समय पानी में गुलाब जल मिलाना भी फायदेमंद माना जाता है।
बालों से आने वाली पसीने की स्मेल कैसे करें दूर?
नींबू और गुलाब जल का करें इस्तेमाल
हेयर वॉश करने के बाद एक मग पानी में नींबू का रस और गुलाब जल मिलाकर बालों में डालें। इससे बालों से आने वाली बदबू दूर करने में मदद मिल सकती है।
बिना बाल धोए भी पा सकते हैं फ्रेशनेस
अगर बाहर जाना हो और बाल धोने का समय न हो, तो एक कपड़े पर थोड़ा कोलोन लगाकर उसे बालों के चारों ओर लपेट लें। इसके बाद बालों में कंघी करें। इससे बालों में हल्की और ताजा खुशबू बनी रहती है।
ज्यादा पसीना आने पर अपनाएं ये आयुर्वेदिक उपाय
रोजाना नींबू पानी पिएं।
खाने से पहले और बाद में अदरक की चाय का सेवन करें।
खाने के बाद अदरक के छोटे टुकड़े पर थोड़ा नमक डालकर चबाएं।
खाने के बाद गर्म पानी पीना फायदेमंद माना जाता है।
ज्यादा मसालेदार खाना खाने से बचें और एक बार में ज्यादा भोजन न करें।
