अपनी दमदार आवाज और सुपरहिट गानों के दम पर करोड़ों दिलों पर राज करने वाली नेहा कक्कड़ आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। माता के जागरण में भजन गाने से शुरू हुआ उनका सफर आज बॉलीवुड की सबसे सफल गायिकाओं में शुमार हो चुका है। 6 जून को नेहा कक्कड़ अपना 38वां जन्मदिन मना रही हैं। इस खास मौके पर जानते हैं उनकी नेटवर्थ और लग्जरी लाइफस्टाइल के बारे में।
माता के जागरण से शुरू हुआ था सफर
नेहा कक्कड़ का जन्म 6 जून 1988 को उत्तराखंड के ऋषिकेश में हुआ था। उनका बचपन आर्थिक तंगी में बीता, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। छोटी उम्र से ही वह अपनी बहन सोनू कक्कड़ के साथ माता के जागरण में भजन गाया करती थीं। बाद में उनका परिवार दिल्ली आ गया, जहां उन्होंने पढ़ाई के साथ-साथ संगीत का अभ्यास भी जारी रखा।
इंडियन आइडल से मिली पहचान
नेहा ने 11वीं कक्षा में रहते हुए सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल 2' में हिस्सा लिया था। हालांकि वह शो नहीं जीत पाईं, लेकिन यहीं से उनके करियर की शुरुआत हुई। दिलचस्प बात यह है कि जिस शो में वह कभी कंटेस्टेंट थीं, बाद में उसी शो में जज के रूप में नजर आईं।
कितनी है नेहा कक्कड़ की नेटवर्थ?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेहा कक्कड़ की कुल संपत्ति करीब 112 करोड़ रुपये बताई जाती है। उनकी मासिक कमाई 50 लाख रुपये से अधिक मानी जाती है। वहीं फिल्मों में एक गाना गाने के लिए वह लगभग 15 लाख रुपये तक फीस चार्ज करती हैं।
कॉन्सर्ट और ब्रांड एंडोर्समेंट से होती है मोटी कमाई
नेहा की कमाई का बड़ा हिस्सा लाइव कॉन्सर्ट्स और ब्रांड एंडोर्समेंट से आता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह एक लाइव शो के लिए 80 लाख से 1 करोड़ रुपये तक चार्ज करती हैं। इसके अलावा कई बड़े ब्रांड्स के साथ भी वह जुड़ी हुई हैं।
लग्जरी घर और शानदार कार कलेक्शन
नेहा कक्कड़ के पास मुंबई में एक आलीशान घर है। इसके अलावा ऋषिकेश में भी उनका शानदार बंगला मौजूद है। कार कलेक्शन की बात करें तो उनके पास ऑडी, बीएमडब्ल्यू और मर्सिडीज जैसी लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं।
ये हैं नेहा कक्कड़ के सुपरहिट गाने
नेहा कक्कड़ ने अपने करियर में कई यादगार गाने दिए हैं। 'काला चश्मा', 'कर गई चुल', 'मिले हो तुम हमको', 'माही वे', 'मैं तेरा बॉयफ्रेंड', 'बदरी की दुल्हनिया' और 'सेकंड हैंड जवानी' जैसे गाने आज भी लोगों की प्लेलिस्ट का हिस्सा बने हुए हैं।
