अगर आप ट्रेन से सफर करना पसंद करते हैं और यात्रा के दौरान लग्जरी अनुभव लेना चाहते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) ने 2026-27 पर्यटन सीजन के लिए अपनी मशहूर लग्जरी ट्रेन ‘गोल्डन चैरियट’ को नए और आधुनिक अंदाज में लॉन्च किया है। इस ट्रेन को पहले से ज्यादा आरामदायक और सुविधाजनक बनाया गया है ताकि यात्रियों को होटल जैसा शानदार अनुभव मिल सके। यह ट्रेन दक्षिण भारत के खूबसूरत पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक शहरों और सांस्कृतिक जगहों की सैर कराएगी।
ट्रेन में मिलेंगी कई आधुनिक सुविधाएं
नई ‘गोल्डन चैरियट’ ट्रेन में यात्रियों के लिए कई आधुनिक सुविधाएं जोड़ी गई हैं। ट्रेन का इंटीरियर बेहद खूबसूरत और आकर्षक बनाया गया है। यात्रियों को आरामदायक केबिन, स्मार्ट टीवी और वाई-फाई स्ट्रीमिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी। सुरक्षा के लिए ट्रेन में सीसीटीवी कैमरे और आधुनिक फायर अलार्म सिस्टम भी लगाए गए हैं। इसके अलावा यात्रियों की मदद के लिए प्रशिक्षित स्टाफ हमेशा मौजूद रहेगा।
80 यात्री कर सकेंगे शाही सफर
इस लग्जरी ट्रेन में कुल 40 केबिन बनाए गए हैं। इनमें 13 डबल बेड वाले केबिन और 26 ट्विन बेड वाले केबिन शामिल हैं। दिव्यांग यात्रियों के लिए भी एक विशेष केबिन तैयार किया गया है। एक बार में करीब 80 यात्री इस ट्रेन में सफर कर सकेंगे। ट्रेन को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यात्रियों को सफर के दौरान पूरा आराम और प्रीमियम अनुभव मिल सके।
खाने-पीने, स्पा और खास टूर पैकेज की सुविधा
ट्रेन में यात्रियों के लिए ‘रुचि’ और ‘नलपाक’ नाम के दो शानदार रेस्टोरेंट बनाए गए हैं, जहां भारतीय और विदेशी दोनों तरह का खाना मिलेगा। इसके अलावा ‘मदीरा’ लाउंज बार और ‘आरोग्य स्पा एंड फिटनेस सेंटर’ भी मौजूद है। यहां यात्रियों को आयुर्वेदिक थेरेपी और फिटनेस से जुड़ी सुविधाएं भी मिलेंगी।
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन ने इस ट्रेन के लिए कई खास टूर पैकेज भी शुरू किए हैं, जिनमें ‘प्राइड ऑफ कर्नाटक’, ‘ज्वेल्स ऑफ साउथ’ और ‘ग्लिम्प्सेस ऑफ कर्नाटक’ जैसे रूट शामिल हैं। साथ ही यात्रियों को चुनिंदा यात्राओं पर 20 प्रतिशत तक की छूट और 30 जून 2026 तक बुकिंग करने पर अतिरिक्त अर्ली बर्ड डिस्काउंट भी मिलेगा।
अब ट्रेन का सफर सिर्फ सीट पकड़कर खिड़की से बाहर देखने तक सीमित नहीं रहा…
कुछ ट्रेनें तो सीधे चलती-फिरती लग्जरी होटल बन चुकी हैं।
