कभी–कभी कुछ पल ऐसे होते हैं जो सिर्फ ख़बर नहीं बनते, बल्कि दो देशों के दिलों को जोड़ने का काम करते हैं। ऐसा ही एक अनोखा और गर्व से भर देने वाला पल तब देखने को मिला जब दुबई में रहने वाले 13 भारतीय बच्चों का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे यूएई का राष्ट्रगान भारतीय शास्त्रीय संगीत के साथ गाते नजर आते हैं। यह वीडियो दुबई के म्यूजिक ग्रुप मल्हार ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था, जिसके बाद ये लोगों के बीच तेजी से फैल गया।


वीडियो इतना पसंद किया गया कि यूएई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने भी इसे अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और बच्चों की तारीफ़ की।बच्चे इस वीडियो में सफेद पारंपरिक भारतीय कपड़ों में दिखाई देते हैं। उन्होंने यूएई के झंडे के रंगों वाला स्कार्फ भी पहन रखा है। उनकी मासूमियत और एकसाथ की गई प्रस्तुति ने सभी का दिल जीत लिया।


बच्चों ने राष्ट्रगान को भारतीय शास्त्रीय शैली में पेश किया। इसके लिए उन्होंने कई वाद्ययंत्रों का इस्तेमाल किया जैसे हारमोनियम, तबला, ढोलक, पखावज, सितार, सरोद, बांसुरी और जल तरंग। भारतीय संगीत की धुनों के साथ गाया गया यूएई का राष्ट्रगान दोनों देशों के प्रति सम्मान का सुंदर उदाहरण बन गया।

मल्हार ग्रुप के संस्थापक जोगिराज सिकदार ने बताया कि यह आइडिया उन्हें यूएई में रहने के दौरान आया। उन्होंने देखा कि वहां की सरकार अपने लोगों का काफी ध्यान रखती है। एक जगह उन्होंने लिखा हुआ देखा यूएई में हर व्यक्ति अमीराती है। यह लाइन उन्हें बहुत अच्छी लगी और उन्होंने सोचा कि इस भाव को संगीत के माध्यम से दिखाया जाए।


वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे बहुत पसंद किया। कई यूज़र्स ने कहा कि यह वीडियो दिल को छू लेने वाला है और दो संस्कृतियों को जोड़ने की एक खूबसूरत कोशिश है। लोगों ने बच्चों की मेहनत और टैलेंट की भी खूब तारीफ की।बच्चों के परिवार वाले भी बेहद खुश हैं। उनका कहना है कि अपने बच्चों को इस तरह एक खास प्रस्तुति देते देखना उनके लिए गर्व का पल है।इस वीडियो की सबसे बड़ी बात यह है कि यह दिखाता है

संगीत भाषा, देश और संस्कृति की सीमाओं को पार कर लोगों को जोड़ सकता है।