छुट्टियों पर घूमने जाना हर किसी के लिए खुशी और सुकून का पल होता है, लेकिन फिलीपींस घूमने गए दोस्तों के एक ग्रुप के लिए यह ट्रिप डरावने अनुभव में बदल गई। सोचिए, आप होटल के बाथरूम में जाएं और टॉयलेट सीट खोलते ही अंदर से फुफकारता हुआ किंग कोबरा दिखाई दे। कुछ ऐसा ही हुआ फिलीपींस के एक रिसॉर्ट में ठहरे दोस्तों के साथ। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे “हॉरर मूवी जैसा सीन” बता रहे हैं।
टॉयलेट फ्लश करते ही बाहर आया सांप
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह घटना फिलीपींस के साल्वाडोर बेनेडिक्टो इलाके के एक रिसॉर्ट की है। दोस्तों का एक ग्रुप नॉर्दर्न नेग्रोस नेचुरल पार्क के पास घूमने गया था। बताया गया कि ग्रुप का एक सदस्य जब बाथरूम इस्तेमाल करने गया तो उसे लगा कि टॉयलेट ठीक से फ्लश नहीं हुआ है। लेकिन दूसरी बार फ्लश करते ही अंदर छिपा सांप अचानक बाहर आने लगा। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति लंबी छड़ी से सांप को छूने की कोशिश करता है, जिसके बाद विशाल किंग कोबरा पूरी तरह बाहर निकल आता है और कैमरे की तरफ फुफकारते हुए देखता है। यह नजारा देखकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए।
एक्सपर्ट्स ने की किंग कोबरा होने की पुष्टि
ग्रुप के सदस्य ड्रानरेब टियोडोसो ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा था कि यह कोई सामान्य पानी का सांप होगा। लेकिन जब वीडियो को रेप्टाइल एक्सपर्ट्स को दिखाया गया, तब पुष्टि हुई कि वह दुनिया के सबसे खतरनाक सांपों में गिने जाने वाले किंग कोबरा था। किंग कोबरा का जहर बेहद घातक माना जाता है और यह इंसान की जान के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, इलाके में पहले भी किंग कोबरा देखे जा चुके हैं। माना जा रहा है कि बढ़ती गर्मी के कारण सांप ठंडी जगह की तलाश में पाइपलाइन के रास्ते टॉयलेट तक पहुंच गया होगा।
घटना के बाद बदलना पड़ा होटल
हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन पूरे ग्रुप की हालत डर से खराब हो गई। घटना के बाद दोस्तों ने तुरंत होटल बदलने का फैसला किया। वहीं स्थानीय प्रशासन यह भी जांच कर रहा है कि कहीं यह सांप किसी अवैध पालतू प्रजाति के रूप में रखा गया तो नहीं था और बाद में वहां से निकलकर पाइपलाइन तक पहुंच गया। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं और कई यूजर्स मजाक में लिख रहे हैं कि अब होटल के बाथरूम इस्तेमाल करने से पहले भी “सिक्योरिटी चेक” करना पड़ेगा।
