थाईलैंड में एक परिवार ने अपने प्रियजन की अंतिम इच्छा को पूरा करने के लिए अंतिम संस्कार में ‘कॉयोट डांसर’ बुला लीं। इस अनोखी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर लोगों के बीच सही और गलत की बहस शुरू हो गई है।

आमतौर पर अंतिम संस्कार का माहौल बेहद शांत और दुखभरा होता है, जहां लोग शोक में डूबे रहते हैं। लेकिन थाईलैंड से सामने आई यह घटना इस परंपरागत सोच से बिल्कुल अलग है। यहां एक परिवार ने अपने परिजन की आखिरी इच्छा का सम्मान करते हुए अंतिम संस्कार के दौरान डांसरों को बुलाया, जिससे माहौल कुछ अलग नजर आया

कहां का है मामला?

यह घटना वाट थेप्पनोम चुएट मंदिर की बताई जा रही है, जो नखोन सी थम्मरत के रॉन फिबुन जिले में स्थित है। यहां 59 वर्षीय व्यक्ति के अंतिम संस्कार के दौरान यह अनोखा दृश्य देखने को मिला।

अंतिम संस्कार में डांसर क्यों बुलाई गईं?

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, परिवार का कहना है कि यह सब मृतक की आखिरी इच्छा के अनुसार किया गया। उनकी इच्छा थी कि उनके निधन के बाद लोग दुख में डूबने के बजाय उनकी जिंदगी को खुशी के साथ याद करें। इसी वजह से अंतिम संस्कार से पहले तीन ‘कॉयोट डांसर’ को बुलाया गया, जिन्होंने ताबूत के सामने प्रस्तुति दी।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस अनोखे कार्यक्रम को वहां मौजूद लोगों ने देखा और कुछ ने इसे सोशल मीडिया पर लाइव भी किया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे मृतक की इच्छा का सम्मान मान रहे हैं, जबकि कई लोगों का कहना है कि ऐसे मौके पर इस तरह का आयोजन अनुचित है।