सेना के काफिले के रास्ते में मिला IED, बड़ा आतंकी हमला टला
खुशबू खातून
बारामूला (जम्मू-कश्मीर)
जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिला में भारतीय सेना के काफिले को निशाना बनाने की बड़ी आतंकी साजिश को सुरक्षाबलों ने समय रहते नाकाम कर दिया। सुरक्षा बलों ने सेना के काफिले के गुजरने वाले मार्ग पर एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई राष्ट्रीय राइफल्स (RR) की 46वीं बटालियन द्वारा की गई। सुरक्षाबलों को खुफिया सूचना मिली थी कि आतंकियों ने सेना के काफिले को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से सड़क किनारे विस्फोटक लगाया है। सूचना मिलते ही इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
तलाशी के दौरान सड़क के किनारे संदिग्ध वस्तु दिखाई दी, जिसे घेराबंदी कर निष्क्रिय किया गया। बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया, जिसने IED को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज़ कर दिया। इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात रोक दिया गया ताकि किसी भी तरह की जनहानि न हो।
सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि यदि समय रहते IED को बरामद नहीं किया जाता, तो यह एक बड़ा आतंकी हमला साबित हो सकता था, क्योंकि इसी मार्ग से सेना का काफिला गुजरने वाला था। इस कार्रवाई से एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।
फिलहाल सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। आसपास के जंगलों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। साथ ही, IED किसने लगाया और इसका उद्देश्य क्या था, इसकी जांच की जा रही है। संदिग्ध आतंकियों की पहचान के लिए खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय कर दी गई हैं।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस या सुरक्षा बलों को दें। वहीं, इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी कर दी गई है।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि आतंकी संगठन घाटी में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सुरक्षाबलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से उनके मंसूबे नाकाम हो रहे हैं।
What's Your Reaction?

