
IPL: आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी से सनसनी मचाने वाले युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को लेकर राजस्थान रॉयल्स की चिंताएँ बढ़ गई हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ रिकॉर्डतोड़ शतक जड़ने के बाद वैभव चोटिल हो गए, जिसके बाद अब पंजाब किंग्स के खिलाफ उनके खेलने पर संशय के बादल मंडराने लगे हैं।
मैच के दौरान जिस अंदाज़ में वैभव ने आक्रामक बल्लेबाज़ी की, उसने हर किसी को प्रभावित किया, लेकिन उसी मुकाबले के बाद उनकी फिटनेस को लेकर उठे सवालों ने राजस्थान कैंप में हलचल पैदा कर दी।सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शनिवार को हुए मुकाबले में सूर्यवंशी फील्डिंग के दौरान अचानक लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद के बाद उन्होंने हैमस्ट्रिंग पकड़ ली, जिसके बाद फिजियो और सपोर्ट स्टाफ की मदद से उन्हें बाहर ले जाया गया. वह इसके बाद फील्डिंग के लिए वापस नहीं लौटे।
यह मैच वैसे भी राजस्थान के लिए निराशाजनक रहा, क्योंकि सूर्यवंशी की तूफानी शतकीय पारी के बावजूद टीम 229 रन का बड़ा स्कोर डिफेंड नहीं कर पाई और SRH ने लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर ने स्थिति साफ की, उन्होंने कहा की उन्हें हैमस्ट्रिंग में थोड़ी परेशानी महसूस हुई थी, लेकिन अब वह ठीक लग रहे हैं । उनका इलाज किया गया है, एक-दो दिन में पूरी स्थिति साफ हो जाएगी, लेकिन फिलहाल चोट गंभीर नहीं लग रही।
वैभव की संभावित गैरमौजूदगी ने राजस्थान के ओपनिंग कॉम्बिनेशन पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यशस्वी जायसवाल के साथ अब किसे उतारा जाएगा, इस पर मंथन शुरू हो गया है। डोनोवन फरेरा समेत अन्य विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। टीम प्रबंधन को बैटिंग ऑर्डर में फेरबदल तक करना पड़ सकता है।
मामला सिर्फ एक खिलाड़ी की चोट का नहीं, बल्कि राजस्थान रॉयल्स की प्लेऑफ उम्मीदों से भी जुड़ा है। सीजन निर्णायक मोड़ पर है और हर मुकाबला टीम के लिए बेहद अहम हो चुका है। ऐसे में फॉर्म में चल रहे सबसे विस्फोटक बल्लेबाज़ की फिटनेस चिंता बढ़ाने वाली है। अब सबकी निगाहें टीम मैनेजमेंट के अगले मेडिकल अपडेट पर टिकी हैं। बड़ा सवाल यही है—क्या वैभव सूर्यवंशी पंजाब किंग्स के खिलाफ मैदान पर उतर पाएंगे, या राजस्थान रॉयल्स को लगेगा बड़ा झटका
