प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे को लेकर क्रिकेट जगत में हलचल तेज हो गई है। चर्चा है कि पीएम मोदी बिग बैश लीग (बीबीएल) 2026-27 को लेकर एक बड़ा ऐलान कर सकते हैं। अगर यह योजना साकार होती है, तो पहली बार ऑस्ट्रेलिया की लोकप्रिय टी20 लीग का कोई मुकाबला भारत में खेला जाएगा। माना जा रहा है कि बीबीएल 2026-27 का पहला मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आयोजित किया जा सकता है। आईपीएल के बाद बिग बैश को दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीगों में गिना जाता है और भारत में मैच होने से इसकी लोकप्रियता को और बढ़ावा मिलेगा।
बीसीसीआई और तमिलनाडु क्रिकेट संघ ने दी मंजूरी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लंबी बातचीत के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड और तमिलनाडु क्रिकेट संघ ने इस मुकाबले के आयोजन को मंजूरी दे दी है। बताया जा रहा है कि आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के आखिरी घरेलू मैच के दौरान क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधिमंडल एमए चिदंबरम स्टेडियम पहुंचा था। इस दौरान बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास भी मौजूद थे और इसी बैठक में इस प्रस्ताव को लेकर चर्चा हुई थी।
सरकार से बीच बातचीत जारी
हालांकि, इस मुकाबले को आधिकारिक रूप देने से पहले कुछ प्रशासनिक और लॉजिस्टिक चुनौतियों को दूर किया जाना बाकी है। मैच के आयोजन को अंतिम रूप देने के लिए दोनों देशों के संबंधित पक्षों और सरकारी स्तर पर बातचीत जारी है। सभी जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद ही इस योजना पर अंतिम मुहर लग सकेगी।
पिछले सीजन पर्थ स्कॉचर्स ने जीता था खिताब
इस बीच, ‘7क्रिकेट’ के पत्रकार टॉम मॉरिस ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चेन्नई में होने वाले पहले बीबीएल मुकाबले की औपचारिक घोषणा कर सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पीएम मोदी 8 से 10 जुलाई के बीच ऑस्ट्रेलिया के सिडनी दौरे पर रहेंगे। वहीं, बीबीएल के पिछले सीजन में एश्टन टर्नर की कप्तानी वाली पर्थ स्कॉचर्स ने फाइनल में सिडनी सिक्सर्स को 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए सिडनी की टीम 132 रन पर ऑलआउट हो गई थी, जिसके जवाब में पर्थ स्कॉचर्स ने 17.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की थी।

