पटना। बिहार में रविवार को हुई बारिश कई परिवारों के लिए भारी त्रासदी लेकर आई। राज्य के सीवान और सारण (छपरा) जिलों में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग गंभीर रूप से झुलस गया। सभी घटनाओं के बाद प्रभावित परिवारों में मातम का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मृतकों के परिजनों को आपदा राहत के तहत मुआवजा देने की मांग की है।
सीवान में अलग-अलग स्थानों पर गिरी आकाशीय बिजली
सीवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में एक महिला और एक पुरुष की जान चली गई। मृतकों की पहचान किशुनबारी गांव निवासी श्रीनिवास महतो की 50 वर्षीय पत्नी लखपतिया देवी तथा मोरवन गांव निवासी शिवप्रसन्न यादव के 50 वर्षीय पुत्र लाल बहादुर यादव के रूप में हुई है।
दोनों को परिजन इलाज के लिए सिसवन रेफरल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए सीवान भेज दिया।
धान की रोपनी के दौरान महिला की गई जान
जानकारी के अनुसार, लखपतिया देवी खेत के चंवर में धान की रोपनी करने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और आकाशीय बिजली उनकी चपेट में आ गई। घटना इतनी तेज थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
बताया गया कि लखपतिया देवी के चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं। इनमें दो पुत्रों और दो पुत्रियों का विवाह हो चुका है। इस हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
भैंस चराने गए किसान की भी गई जान
दूसरी घटना मोरवन गांव में हुई, जहां लाल बहादुर यादव चंवर क्षेत्र में भैंस चराने गए थे। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिर गई और वह उसकी चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी भी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छपरा में पिता की मौत, बचाने दौड़ा बेटा गंभीर रूप से झुलसा
सारण जिले के कोपा नगर पंचायत क्षेत्र में भी रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा हुआ। स्टेशन रोड स्थित एक खेत में धान की रोपनी के लिए पहुंचे पिता-पुत्र पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने की कोशिश में बेटा गंभीर रूप से झुलस गया।
मृतक की पहचान कोपा नगर पंचायत के वार्ड संख्या-1 निवासी विक्रमा मांझी के 43 वर्षीय पुत्र ओम प्रकाश मांझी के रूप में हुई है। वह पेशे से पेंटर थे।
धान की रोपनी के दौरान बदला मौसम
बताया गया कि रविवार दोपहर ओम प्रकाश मांझी अपने 14 वर्षीय पुत्र यश कुमार के साथ खेत में धान की रोपनी के लिए बिचड़ा लेकर गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। इससे पहले कि दोनों सुरक्षित स्थान पर पहुंच पाते, आकाशीय बिजली सीधे उन पर गिर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली गिरने के बाद ओम प्रकाश मांझी गंभीर रूप से घायल होकर खेत में ही गिर पड़े। उन्हें बचाने की कोशिश में मौजूद उनका पुत्र यश कुमार भी बिजली की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। घायल बालक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा से रेफर कर दिया गया है।
परिवारों में पसरा मातम, मुआवजे की उठी मांग
तीनों मौतों के बाद मृतकों के घरों में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सभी मृतकों के आश्रितों को आपदा राहत नियमों के तहत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को कुछ राहत मिल सके।
