नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने प्रवक्ता विजेता दहिया को पद से हटा दिया है। पार्टी ने आरोप लगाया कि जिस समय उसके कार्यकर्ता और प्रदर्शनकारी विरोध प्रदर्शन में शामिल थे, उस दौरान दहिया का बर्गर खाते हुए वीडियो सामने आया, जिसे संगठन ने असंवेदनशील व्यवहार बताया।
पार्टी ने जारी किया आधिकारिक बयान
पार्टी ने अपने आधिकारिक ‘Cockroach Is Back’ एक्स (X) हैंडल पर जारी बयान में कहा कि विजेता दहिया का व्यवहार आंदोलन के मूल्यों और सिद्धांतों के विपरीत है। बयान में कहा गया कि इस घटना के बाद उन्हें प्रवक्ता पद से हटाते हुए सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है।
संसद मार्च में शामिल न होने पर भी विवाद
पार्टी की ओर से यह भी कहा गया कि दहिया सोमवार को आयोजित ‘संसद चलो’ प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए। संगठन का आरोप है कि जिस समय प्रदर्शनकारी पुलिस कार्रवाई का सामना कर रहे थे, उसी दौरान उनका वीडियो सामने आया, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ी।
वायरल वीडियो में क्या कहा?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विजेता दहिया बर्गर खाते हुए कहते दिखाई देते हैं कि उन्होंने बर्गर इसलिए खाया क्योंकि उन्हें भूख लगी थी। वीडियो में वह यह भी कहते हैं कि उन्हें इस तरह जवाबदेह ठहराना उचित नहीं है और वह राजनीति में आने की इच्छा नहीं रखते।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग पार्टी के फैसले का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स इस पूरे विवाद पर सवाल उठा रहे हैं।
नोट: यह खबर पार्टी के आधिकारिक बयान और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर है। वायरल वीडियो में किए गए सभी दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
