
Tejashwi yadav
पटना। बिहार में बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है और 15 से अधिक जिले बाढ़ की चपेट में हैं, लेकिन सरकार की ओर से राहत और बचाव को लेकर पर्याप्त तैयारी नहीं की गई है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि गंगा, सोन, पुनपुन, गंडक, बूढ़ी गंडक, बागमती और कोसी समेत कई नदियों के बढ़ते जलस्तर से लोगों में दहशत है। उनके मुताबिक दियारा क्षेत्रों में कटाव और बाढ़ के कारण मक्का व हरी सब्जियों की फसलें प्रभावित हुई हैं। कई जगह घरों, सड़कों, स्कूलों और खेतों में पानी भरने की स्थिति बनी हुई है।
बिजली-पानी और राशन की समस्या का उठाया मुद्दा
तेजस्वी ने कहा कि दियारा क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों को अंधेरे के साथ पेयजल की समस्या भी झेलनी पड़ रही है। कई गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क प्रभावित होने के कारण राशन और जरूरी सामान की कमी होने का भी उन्होंने दावा किया।
उन्होंने सरकार से दियारा क्षेत्रों को तत्काल बाढ़ग्रस्त घोषित करने की मांग की। साथ ही बाढ़ राहत शिविर, सामुदायिक रसोई और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत बताई।
तेजस्वी यादव ने प्रशासनिक स्तर पर नावों और इमरजेंसी बोट की व्यवस्था बढ़ाने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लाइफ जैकेट, दवाइयों और सांप-बिच्छू के काटने जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम तत्काल किए जाने चाहिए।
