
Tejashwi yadav
पटना। बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने मौके पर हालात का जायजा लेने के बाद राज्य सरकार की बाढ़ प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल उठाए। तेजस्वी ने कहा कि प्रभावित इलाकों में स्थिति गंभीर है और लोगों की सुरक्षा के साथ राहत एवं बचाव को लेकर सरकार की तैयारियां पर्याप्त नहीं हैं।
बाढ़ को लेकर सरकार पर हमला बोलते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में हर साल बाढ़ और उसके बाद राहत-बचाव पर बड़ी रकम खर्च होती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं निकल पाया। उन्होंने तटबंध निर्माण और कटाव निरोधी कार्यों से लेकर आपदा प्रबंधन, राहत-बचाव और शिविरों तक में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
तेजस्वी ने कहा कि हर साल तटबंधों पर 4 से 5 हजार करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद बांध टूटने की स्थिति क्यों बनती है, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार के पास बाढ़ नियंत्रण को लेकर दीर्घकालिक योजना और स्पष्ट दृष्टि नहीं है।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि बाढ़ के नाम पर हर वर्ष होने वाले खर्च के बावजूद लोगों को बार-बार उसी संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि राहत और बचाव के साथ बाढ़ के स्थायी समाधान पर भी गंभीरता से काम किए जाने की जरूरत है।
तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि “बिहार में बाढ़ आई नहीं बल्कि लाई गई है, ताकि भ्रष्टाचारी सैलाब में एनडीए नेता गोता लगा सके।” उन्होंने बाढ़ प्रबंधन और राहत कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार को घेरा।
