पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 12 वर्षीय बच्ची से कथित गैंगरेप और हत्या के मामले में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं टीएमसी की बागी सांसद सायोनी घोष को स्थानीय लोगों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान लोगों ने उनके खिलाफ 'गद्दार' और 'बेईमान' के नारे लगाए।बारुईपुर पहुंचीं सायोनी घोष, लगे 'गद्दार-बेईमान' के नारे | Source: Dainik jagran.com

बारुईपुर पहुंचीं सायोनी घोष, लगे 'गद्दार-बेईमान' के नारेSource : Dainik jagran.com

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 12 साल की बच्ची के साथ कथित गैंगरेप और हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। इस बीच, पीड़ित परिवार से मिलने तृणमूल कांग्रेस की बागी सांसद सायोनी घोष भी पहुंचीं। उनके बारुईपुर पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों ने 'गद्दार' और 'बेईमान' के नारे लगाने शुरू कर दिए। साथ ही, ममता बनर्जी का साथ छोड़ने को लेकर भी लोगों ने उनकी जमकर आलोचना की।

सायोनी घोष को लोगों ने कहा- गद्दार ओर बेईमान!

भीड़ ने सायोनी घोष के खिलाफ 'गद्दार' और 'बेईमान' के नारे लगाते हुए उन पर ममता बनर्जी का साथ छोड़कर दूसरे बागी नेताओं के साथ जाने का आरोप लगाया। सायोनी घोष उन 19 टीएमसी नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने हाल ही में मदन मित्रा के नेतृत्व वाले NCPI का दामन थामा है। इस दल-बदल के बाद राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है, खासकर उन इलाकों में जहां टीएमसी की मजबूत पकड़ मानी जाती है। इस बीच, पुलिस ने शुरुआत में NCPI के प्रतिनिधिमंडल को इलाके में प्रवेश करने से रोक दिया, लेकिन बाद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें आगे जाने की अनुमति दे दी।

बारुईपुर गैंगरेप-हत्या मामले पर सायोनी घोष का बयान

बारुईपुर गैंगरेप और हत्या के मामले पर सायोनी घोष ने कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों के बाद सबसे अहम सरकार की कार्रवाई और पीड़ित परिवार को समय पर न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि हर कोई चाहता है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले और न्याय में किसी तरह की देरी न हो।

सायोनी घोष ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा, "यह बेहद दर्दनाक अपराध है। ऐसा महसूस होता है जैसे यह मेरी अपनी बेटी के साथ हुआ हो।" उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी हर कदम पर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी रहेगी और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग दोहराई।

बारुईपुर गैंगरेप-हत्या मामला: क्या है पूरा मामला?

4 जुलाई को लापता हुई 12 वर्षीय बच्ची का शव रविवार को सूर्यपुर हाट इलाके में एक बोरी के अंदर बरामद हुआ। जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में बच्ची को लापता होने से कुछ देर पहले एक आरोपी के साथ जाते हुए देखा गया।

शव मिलने के बाद इलाके में लोगों का गुस्सा भड़क उठा। अपराध में शामिल होने के संदेह में आक्रोशित भीड़ ने एक आरोपी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वहीं, पुलिस ने गैंगरेप और हत्या के मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।