प्रशांत किशोर, औरंगाबाद

प्रशांत किशोर, औरंगाबाद


औरंगाबाद, 3 सितंबर। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने गुरुवार को UGC कानून, बिहार में अपराध, रोजगार और शिक्षा के मुद्दे पर सरकार को घेरा। औरंगाबाद में उन्होंने UGC कानून को लेकर कहा कि मामला न्यायालय के अधीन है, लेकिन जिन लोगों ने ‘मोदी-मोदी’ का नारा लगाकर भाजपा को वोट दिया, उन्हें इस मुद्दे पर भाजपा नेताओं से जवाब मांगना चाहिए।


कार गैंगरेप मामले पर सरकार को घेरा

प्रशांत किशोर ने औरंगाबाद कार गैंगरेप मामले को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पटना में एक बच्ची को उसके पिता के सामने होटल से जबरदस्ती ले जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले पर सरकार, मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और क्षेत्र के सांसद की ओर से कोई बयान नहीं आया।

उन्होंने कहा कि अगर जनता ने अपराधी, माफिया और भ्रष्ट लोगों को जिताया है तो फिर अच्छी सरकार की बात करने का अधिकार नहीं है। प्रशांत किशोर ने सरकार की जवाबदेही और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।


2047 के विकसित भारत के वादे पर PK का तंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के लक्ष्य पर भी प्रशांत किशोर ने सवाल खड़े किए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “2047 में कौन जिंदा रहेगा विकसित भारत देखने के लिए?” उन्होंने कहा कि मोदी जी ने खुद कहा है कि विकास अभी चाहिए, 2047 में कौन देखेगा।

प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार के लोगों के सामने आज ही रोजगार और पढ़ाई की समस्या है। परीक्षाओं में पेपर लीक हो रहा है और लोगों को खाने के लिए भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में भविष्य के बड़े वादों से पहले मौजूदा समस्याओं का समाधान जरूरी है।