फिलीपींस से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूल में रोज की तरह झंडा समारोह चल रहा था, तभी अचानक आए तेज भूकंप ने पूरे परिसर में अफरा-तफरी मचा दी। कुछ ही पलों में बच्चे और शिक्षक सुरक्षित जगह की तलाश में भागते नजर आए।
स्कूल में मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि यह घटना फिलीपींस के दावाओ ऑक्सिडेंटल स्थित महायाहाय एलीमेंट्री स्कूल की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्षेत्र में आए 7.8 तीव्रता के भूकंप के झटकों ने स्कूल परिसर को भी हिला दिया। अचानक धरती कांपने लगी तो वहां मौजूद बच्चों और शिक्षकों के बीच डर का माहौल बन गया।
खुले मैदान में पहुंचाए गए बच्चे
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि भूकंप महसूस होते ही शिक्षक बच्चों को तुरंत खुले मैदान की ओर ले जाते हैं। दर्जनों बच्चे मैदान में बैठकर स्थिति सामान्य होने का इंतजार करते नजर आते हैं। वहीं शिक्षक लगातार उन्हें शांत रखने और सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहे हैं।
वीडियो में यह भी दिखाई देता है कि भूकंप के झटकों के दौरान बच्चों के पीछे मौजूद एक छोटा ढांचा गिर जाता है, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
वीडियो देखने के लिए नीचे क्लिक करें।
राहत की बात, कोई हताहत नहीं
स्कूल प्रशासन के अनुसार इस घटना में किसी भी बच्चे या शिक्षक को चोट नहीं आई। समय रहते सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया था, जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया।
वीडियो देखकर भावुक हुए लोग
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग बच्चों और शिक्षकों की सलामती पर राहत जता रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि भूकंप के दौरान धरती को इस तरह हिलते देखना बेहद डरावना अनुभव है।
एक यूजर ने लिखा, "इमारतें दोबारा बनाई जा सकती हैं, लेकिन किसी की जान वापस नहीं लाई जा सकती।" वहीं दूसरे यूजर ने फिलीपींस के लोगों की सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए प्रार्थना की।
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग प्रकृति की ताकत के साथ-साथ शिक्षकों की सूझबूझ की भी जमकर सराहना कर रहे हैं।

