पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के शीर्ष अधिकारी इस सप्ताह के अंत में कराची में एक अहम बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक में टेस्ट टीम के कप्तान शान मसूद और मुख्य कोच सरफराज अहमद के भविष्य को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी भी इस बैठक का हिस्सा होंगे। बांग्लादेश दौरे पर पाकिस्तान को 0-2 से मिली शर्मनाक हार के बाद बोर्ड इस बात पर विचार करेगा कि शान मसूद और सरफराज अहमद को आगामी इंग्लैंड और वेस्टइंडीज दौरों के लिए अपनी जिम्मेदारियों पर बरकरार रखा जाए या बदलाव किया जाए।

क्या सलमान अली आगा को मिलेगी कप्तानी?

पीसीबी से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक, बैठक का सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा शान मसूद का टेस्ट टीम के कप्तान के तौर पर बने रहना होगा। सूत्र का कहना है कि चयन समिति और बोर्ड के कुछ अधिकारी अब टेस्ट टीम की कमान सलमान अली आगा को सौंपने के पक्ष में हैं।

हालांकि शान मसूद खुद कप्तानी जारी रखने के इच्छुक हैं, लेकिन बांग्लादेश दौरे पर टीम के खराब प्रदर्शन ने उनकी स्थिति को कमजोर कर दिया है। सलमान अली आगा इससे पहले सीमित ओवरों की क्रिकेट में पाकिस्तान टीम की अगुवाई कर चुके हैं और इस समय टी20 टीम के कप्तान की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, पीसीबी ने अभी तक सरफराज अहमद के भविष्य को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। वहीं, पाकिस्तान के पूर्व कप्तान यूनिस खान को अगले मुख्य कोच के रूप में मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

यूनिस खान के साथ समझौता तक ऐसा होगा

बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया कि जब तक यूनिस खान के साथ कोई औपचारिक समझौता नहीं हो जाता, तब तक सरफराज अहमद अपने पद पर बने रह सकते हैं। यूनिस खान को हमेशा अपनी शर्तों पर जिम्मेदारियां स्वीकार करने के लिए जाना जाता है, इसलिए उनके साथ बातचीत में समय लग सकता है।

पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज का नाम भी मुख्य कोच पद की दौड़ में शामिल है। पीसीबी अधिकारियों ने यूनिस खान और मोहम्मद हफीज दोनों से बातचीत की है, लेकिन अभी तक किसी नाम पर अंतिम मुहर नहीं लगी है।

इसके अलावा मोहसिन नकवी बोर्ड में दोहरी जिम्मेदारियां निभा रहे अधिकारियों का कार्यभार कम करने के पक्ष में हैं। फिलहाल मिस्बाह-उल-हक, असद शफीक, सरफराज अहमद और आकिब जावेद राष्ट्रीय चयनकर्ता की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि इनमें से कुछ अधिकारी बोर्ड में अन्य पदों की जिम्मेदारियां भी संभाल रहे हैं। सीमित ओवरों के मुख्य कोच माइक हेसन भी चयन प्रक्रिया का हिस्सा हैं। निदेशक (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट) के पद पर नियुक्ति को लेकर भी इस बैठक में चर्चा होने की संभावना है।

शाहीन अफरीदी को टेस्ट में चुनने पर संशय

दूसरी ओर, पाकिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी के आगामी वेस्टइंडीज और इंग्लैंड टेस्ट दौरों के लिए चयन पर भी सवाल बने हुए हैं। चयनकर्ता और टीम प्रबंधन उनके कार्यभार को संतुलित रखने की योजना पर काम कर रहे हैं।

पाकिस्तान की टीम 25 जुलाई से वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलेगी। इसके बाद 19 अगस्त से इंग्लैंड दौरे पर तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेली जाएगी।

शाहीन इस समय पाकिस्तान की वनडे टीम के कप्तान हैं। एक सूत्र ने बताया कि चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन का मानना है कि शाहीन के कार्यभार को सीमित रखना टीम के लिए बेहतर होगा और उन्हें मुख्य रूप से सीमित ओवरों की क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए।

हालांकि शाहीन इस सोच से पूरी तरह सहमत नहीं बताए जा रहे हैं। वह ज्यादा से ज्यादा टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं। 26 वर्षीय इस तेज गेंदबाज ने अब तक 34 टेस्ट मैचों में 126 विकेट अपने नाम किए हैं और पाकिस्तान के प्रमुख गेंदबाजों में गिने जाते हैं।