Emotional Bond With Mother: पैरेंटिंग स्टाइल जैसे शब्द भले ही किताबों में बड़े और जटिल लगते हों, लेकिन असल जिंदगी में इनकी झलक हमारी यादों, आदतों और रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातों में दिखाई देती है।
Different Types Of Moms And Their Parenting Styles: बचपन में हम अपनी मां को किसी किरदार की तरह समझने की कोशिश नहीं करते। हम बस उनके साथ बड़े होते हैं, कभी उनसे बहस करते हैं, कभी जिद करते हैं और अनजाने में बहुत कुछ सीखते चले जाते हैं। वक्त गुजरने के बाद एहसास होता है कि हमारे व्यक्तित्व और सोच को आकार देने में मां की परवरिश और स्वभाव की कितनी बड़ी भूमिका रही है।
मदर्स डे के मौके पर उन अलग-अलग तरह की मांओं को याद करना जरूरी हो जाता है, जिन्होंने अपने-अपने तरीके से बच्चों की जिंदगी को खास बनाया। किसी ने दोस्त बनकर साथ दिया, किसी ने अनुशासन सिखाया, तो किसी ने बिना जताए हर मुश्किल में सहारा दिया।
हर बात पर रोक-टोक न करने वाली ‘कूल मां’
कुछ मांएं ऐसी होती हैं, जिन्हें बच्चे ‘कूल मां’ मानते हैं। वे हर छोटी बात पर टोकाटाकी नहीं करतीं। देर तक बाहर रहने देना, बच्चों को अपनी राय खुलकर रखने की आजादी देना या छोटी गलतियों को नजरअंदाज कर देना उनकी खासियत होती है।
लेकिन जब कोई बात तय सीमा से आगे बढ़ जाती है, तब उनका शांत अंदाज ही सबसे ज्यादा असर छोड़ता है। वे गुस्से से ज्यादा समझदारी से यह एहसास करा देती हैं कि मामला गंभीर है। बाद में समझ आता है कि उन्होंने डर नहीं, बल्कि भरोसे के साथ सही-गलत का फर्क सिखाया।
हर पल चिंता करने वाली ‘हेलिकॉप्टर मां’
कुछ मांएं ऐसी भी होती हैं, जो हर वक्त बच्चों की चिंता में लगी रहती हैं। परीक्षा से पहले मैसेज करना, समय पर खाना खाने की याद दिलाना या सिर्फ आवाज सुनकर मूड समझ जाना उनकी आदत में शामिल होता है।
बचपन में यह जरूरत से ज्यादा दखल जैसा लग सकता है, लेकिन बड़े होने पर महसूस होता है कि उनकी हर चिंता के पीछे सिर्फ प्यार और अपनापन था। उनका हर समय साथ बने रहना दरअसल यह भरोसा दिलाना होता है कि “तुम अकेले नहीं हो।”
जिनकी बातें बाद में बन जाती हैं सबसे प्यारी यादें
कुछ मांएं अपने अनोखे अंदाज और सीधी-सादी बातों की वजह से घर की सबसे खास शख्सियत बन जाती हैं। उनका बोलने का तरीका, चेहरे के एक्सप्रेशन और छोटी-छोटी बातें बाद में याद करके मुस्कान ले आती हैं।
कई बार उनकी साधारण बातें ही परिवार के सबसे मजेदार किस्से बन जाती हैं और धीरे-धीरे वही बातें बच्चों के स्वभाव और ह्यूमर का हिस्सा बन जाती हैं।
बिना जताए हर वक्त साथ देने वाली मां
एक ऐसी मां भी होती हैं, जो अपने प्यार का दिखावा कम करती हैं, लेकिन हर परिस्थिति में बच्चों के साथ मजबूती से खड़ी रहती हैं। उन्हें बच्चों की पसंद-नापसंद, परेशानियां और जरूरतें बिना कहे समझ आ जाती हैं।
उनका साथ शोर-शराबे वाला नहीं, बल्कि सुकून और भरोसा देने वाला होता है। समय के साथ एहसास होता है कि ऐसा शांत और भरोसेमंद सहारा हर किसी की जिंदगी में नहीं होता।
सख्त लेकिन जिंदगी की सबसे बड़ी शिक्षक
कुछ मांएं अनुशासन और नियमों को सबसे ज्यादा महत्व देती हैं। बचपन में उनकी सख्ती और रोक-टोक कई बार अच्छी नहीं लगती, लेकिन बड़े होने पर समझ आता है कि उसी सख्ती में बच्चों का भविष्य छिपा था।
उन्होंने सिर्फ नियम नहीं बनाए, बल्कि जिम्मेदारी, आत्मविश्वास और मजबूत इंसान बनने की सीख भी दी।
