मऊ: घोसी लोकसभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद राजीव राय ने क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए मधुबन विधानसभा के गौरीडीह और अलीपुर शेखपुर गांव में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि (MPLADS) से बनी नई रबर मोल्ड इंटरलॉकिंग सड़कों का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीणों को जर्जर रास्तों और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
गौरीडीह में 16 लाख रुपये से बना मार्ग
सांसद निधि वर्ष 2025-26 के तहत विकासखंड दोहरीघाट के ग्राम सभा गौरीडीह में चौराहे से प्राथमिक विद्यालय होते हुए सुरेश राय के खेत तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया है। इस परियोजना की स्वीकृत लागत 16.05 लाख रुपये है। इस कार्य का प्रस्ताव पूर्व प्रधान अभय कुमार राय ने दिया था।
अलीपुर शेखपुर में भी हुआ लोकार्पण
इसी क्रम में विकासखंड फतेहपुर मंडाव के ग्राम सभा अलीपुर शेखपुर में माइनर से प्रहलाद मिश्रा के खेत तक बनाई गई इंटरलॉकिंग सड़क का भी उद्घाटन किया गया। इस सड़क के निर्माण पर करीब 14.95 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। यह कार्य ग्रामीणों की मांग पर कराया गया।
क्या बोले सांसद राजीव राय?
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद राजीव राय ने कहा कि घोसी लोकसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गांवों को बेहतर सड़क और बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना जरूरी है, ताकि विकास का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे।
ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने कराया निर्माण
दोनों परियोजनाओं का निर्माण ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (RED), मऊ द्वारा कराया गया। विभाग ने निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा किया।
