
CM Samrat Chaudhary
पटना । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को लोक सेवक आवास स्थित 'नेक संवाद' सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 137वें संस्करण के लाइव प्रसारण में शामिल हुए।
कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश देश के युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार करने वाला है। उन्होंने 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान को मजबूत करने की प्रधानमंत्री की अपील की सराहना करते हुए इसे युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। सीएम ने स्पष्ट किया कि बिहार में भी युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के प्रयासों को और अधिक गति दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कार्यक्रम में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, युवाओं की रचनात्मक भागीदारी, इतिहास को सरल एवं रोचक तरीके से समझने और छात्राओं को स्पेस टेक्नोलॉजी से जोड़ने जैसे विषयों पर प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन बेहद प्रेरणादायी है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने में युवा शक्ति, महिला शक्ति और नवाचार की अहम भूमिका है। प्रधानमंत्री का यह संदेश बिहार सहित पूरे देश को प्रगति के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
CM Samrat Chaudhary
