
Source: Naubharat Times
लोकसभा में शिवसेना को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के छह सांसदों के एकनाथ शिंदे की पार्टी में शामिल होने को मंजूरी दे दी है। इसके बाद सदन में शिंदे गुट की ताकत बढ़ गई है और शिवसेना के दोनों गुटों के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान ने नया मोड़ ले लिया है।
यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। माना जा रहा है कि इस कदम का असर महाराष्ट्र की राजनीति पर भी पड़ सकता है। अब लोकसभा में शिंदे गुट की हालात पहले से ज्यादा मजबूत हो गई है। इसके अलावा, तृणमूल कांग्रेस (TMC) से अलग हुए 20 सांसदों को भी सदन में अलग बैठने की मंजूरी दी गई है। ये सभी सांसद अब नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के साथ हैं। लोकसभा अध्यक्ष के इस फैसले के बाद सदन में उनकी अलग पहचान तय हो गई है।
किरेन रिजिजू ने बागी सांसदों को भेजा निमंत्रण
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) से अलग हुए सांसद सुदीप बंद्योपाध्याय को पत्र लिखकर आगामी बैठक में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। सुदीप उन 20 सांसदों में शामिल हैं, जिन्होंने पार्टी छोड़कर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) का दामन थाम लिया है। रिजिजू ने अपने पत्र में उनसे बैठक में मौजूद रहने और संसद से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा में हिस्सा लेने का अनुरोध किया है। इसके साथ ही, NCPI की ओर से नामित नेताओं को भी इस बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया गया है।
मॉनसून सत्र की तैयारियों पर होगी चर्चा
अपने पत्र में किरेन रिजिजू ने बताया कि लोकसभा और राज्यसभा के विभिन्न दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में संसद के आगामी मॉनसून सत्र के दौरान उठाए जाने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों और विधायी कार्यों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा, सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने और सरकार तथा विपक्ष के बीच बेहतर तालमेल बनाने जैसे विषयों पर भी बातचीत होने की संभावना है। सरकार चाहती है कि मॉनसून सत्र बिना किसी रुकावट के चले, इसलिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की गई है।
संसद का कामकाज बेहतर ढंग से चलाने पर रहेगा जोर
मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले केंद्र सरकार ने सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू का कहना है कि संसद की कार्यवाही बिना किसी रुकावट के चलनी चाहिए। इस बैठक में सरकार और विपक्ष के बीच बेहतर तालमेल बनाने के साथ साथ सत्र के दौरान उठाए जाने वाले प्रमुख मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।
रविवार को होगी अहम बैठक
संसद के मॉनसून सत्र की तैयारियों को लेकर फ्लोर लीडर्स की बैठक 19 जुलाई को सुबह 11 बजे संसद भवन एनेक्सी के मुख्य समिति कक्ष में बुलाई गई है। इस बैठक में अलग अलग पार्टी के नेता शामिल होंगे। किरेन रिजिजू ने सुदीप बंद्योपाध्याय और एनसीपीआई की चीफ व्हिप डॉ. काकोली घोष दस्तीदार को भी बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। उम्मीद की जा रही है कि बैठक में संसद के कामकाज और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।
