बिहार के चर्चित शिक्षक खान सर से जुड़े कथित फायरिंग मामले ने नया मोड़ ले लिया है। इस मामले में जनता दल के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार का बयान सामने आया है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस गोलीबारी के आरोपों को लेकर शुरुआत में दावा किया गया था, अब उसी मामले में कई नए तथ्य सामने आ रहे हैं। नीरज कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि गरीब और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को उकसाकर आंदोलनों में भेज दिया जाता है, लेकिन जब उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होती है तो उनकी मदद के लिए कोई आगे नहीं आता।
फायरिंग के दावे पर उठाए सवाल
मीडिया से बातचीत के दौरान नीरज कुमार ने कहा कि जिसने गोली चलने का आरोप लगाया था, अब वही सवालों के घेरे में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
जेडीयू प्रवक्ता ने कहा कि इस पूरे प्रकरण में जल्दबाजी में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे वास्तविकता क्या थी और किसकी भूमिका रही।
गरीब छात्रों का भविष्य दांव पर लगाया जा रहा
नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि कुछ लोग छात्रों की भावनाओं का इस्तेमाल कर उन्हें आंदोलन का हिस्सा बना देते हैं। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों से आने वाले छात्र बेहतर भविष्य और नौकरी की उम्मीद लेकर पढ़ाई करते हैं, लेकिन उन्हें सड़कों पर उतार दिया जाता है।
उनके मुताबिक, ऐसे आंदोलनों में शामिल होने के बाद कई छात्रों के खिलाफ मामले दर्ज हो जाते हैं, जिससे उनके भविष्य पर असर पड़ता है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि बाद में इन छात्रों की कानूनी मदद या जमानत के लिए कितने लोग आगे आते हैं।
जांच पूरी होने का इंतजार
जेडीयू नेता ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी तथ्यों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी तरह की अफवाह या निष्कर्ष पर भरोसा न करें।
नीरज कुमार के अनुसार, कानून अपना काम कर रहा है और जांच एजेंसियों को निष्पक्ष तरीके से काम करने दिया जाना चाहिए।
खान सर पर दर्ज हुई एफआईआर
गौरतलब है कि खान सर के नाम से लोकप्रिय फैसल खान के कोचिंग संस्थान के बाहर हुए विवाद के बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। शुरुआती दौर में दावा किया गया था कि कोचिंग के बाहर फायरिंग हुई और सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट की गई। हालांकि बाद में बयान और घटनाक्रम को लेकर कई सवाल खड़े हुए।
पुलिस जांच के दौरान खान सर के दो सुरक्षा कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने खान सर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है। अब जांच एजेंसियां पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
बढ़ सकती है खान सर की मुश्किलें
इस मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ-साथ राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। एक तरफ जेडीयू नेताओं की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर खान सर के समर्थक पूरे मामले को अलग नजरिए से देख रहे हैं।
फिलहाल सभी की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि कोचिंग संस्थान के बाहर हुए विवाद और कथित फायरिंग मामले की असली कहानी क्या है।
