सिया गोयल और केतन अग्रवाल। | Source: Chrome

सिया गोयल और केतन अग्रवाल।Source : Chrome

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में मुख्य आरोपी सिया गोयल के परिवार की कारोबारी फर्म पर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने कार्रवाई की है। मसालों और सूखे मेवों के कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठान में कथित नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने व्यवसाय बंद करने का नोटिस जारी किया है।

निरीक्षण के बाद हुई कार्रवाई

एफडीए अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान बी.जी. गोयल एंड कंपनी का निरीक्षण किया गया। जांच में खाद्य सुरक्षा नियमों और लेबलिंग से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रतिष्ठान को अगले आदेश तक व्यावसायिक गतिविधियां बंद रखने का निर्देश दिया गया।

खाद्य उत्पादों के नमूने किए जब्त

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हल्दी पाउडर, तिल और सोयाबीन चंक्स सहित विभिन्न खाद्य उत्पादों के नमूने एकत्र किए। विभाग ने बताया कि इन उत्पादों पर लेबलिंग संबंधी कमियां मिलने और मिलावट की आशंका के चलते करीब 4,172 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 8.14 लाख रुपये है।

प्रयोगशाला में होगी जांच

एफडीए ने जब्त किए गए सभी नमूनों को विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि प्रतिष्ठान ने लाइसेंस से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताओं का भी पालन नहीं किया था।

खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का आरोप

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जांच में पाया गया कि प्रतिष्ठान ने कई अनिवार्य नियमों का पालन नहीं किया। साथ ही लाइसेंस में जरूरी संशोधन भी समय पर नहीं किए गए। इन्हीं कारणों से कारोबार को अस्थायी रूप से बंद करने का नोटिस जारी किया गया है।

क्या है केतन अग्रवाल हत्याकांड?

सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले के पास ट्रेकिंग के दौरान सिया के मंगेतर केतन अग्रवाल को खाई में धक्का दे दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले की जांच फिलहाल जारी है।