IND vs AFG Test: भारत ने महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एकमात्र टेस्ट मुकाबले में अफगानिस्तान को एक पारी और 300 रनों से करारी शिकस्त देकर इतिहास रच दिया। पहली पारी में अफगानिस्तान की टीम महज 152 रन पर ढेर हो गई, जिसके बाद उसे फॉलोऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा। दूसरी पारी में भी मेहमान टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 112 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की। वहीं मुकाबले के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड भी बने, जिनमें मानव सुथार, शुभमन गिल और केएल राहुल के नाम खास उपलब्धियां दर्ज हुईं।

भारत की सबसे बड़ी टेस्ट जीत, रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ नया अध्याय

अफगानिस्तान के खिलाफ मिली एक पारी और 300 रन की जीत टेस्ट इतिहास में भारत की सबसे बड़ी जीत बन गई है। इससे पहले यह रिकॉर्ड साल 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ राजकोट टेस्ट में बना था, जब टीम इंडिया ने एक पारी और 272 रन से जीत हासिल की थी।

टेस्ट में पारी के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीतें

  • एक पारी और 300 रन बनाम अफगानिस्तान (चंडीगढ़, 2026)
  • एक पारी और 272 रन बनाम वेस्टइंडीज (राजकोट, 2018)
  • एक पारी और 262 रन बनाम अफगानिस्तान (बेंगलुरु, 2018)
  • एक पारी और 239 रन बनाम बांग्लादेश (मीरपुर, 2007)
  • एक पारी और 239 रन बनाम श्रीलंका (नागपुर, 2017)
  • एक पारी और 222 रन बनाम श्रीलंका (मोहाली, 2022)
  • एक पारी और 219 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया (ईडन गार्डन्स, 1998)

मानव सुथार ने डेब्यू मैच में रचा इतिहास

बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने अपने डेब्यू टेस्ट को यादगार बना दिया। उन्होंने मैच में कुल 7 विकेट झटके, जिसमें पहली पारी में 6 विकेट और दूसरी पारी में 1 विकेट शामिल रहा। पिछले 35 वर्षों में टेस्ट डेब्यू की पहली पारी में 6 विकेट लेने वाले वह सिर्फ दूसरे भारतीय गेंदबाज बने हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि रविचंद्रन अश्विन ने हासिल की थी।

मानव सुथार भारत के लिए टेस्ट डेब्यू में पांच विकेट लेने वाले 10वें गेंदबाज भी बन गए हैं। इतना ही नहीं, भारत की ओर से पहली टेस्ट पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़े दर्ज करने वाले गेंदबाजों की सूची में वह दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

भारत के लिए डेब्यू टेस्ट की पहली पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन

  • 8/61 – नरेंद्र हिरवानी बनाम वेस्टइंडीज, चेन्नई (1988)
  • 6/33 – मानव सुथार बनाम अफगानिस्तान, मुल्लांपुर (2026)
  • 6/55 – आबिद अली बनाम ऑस्ट्रेलिया, एडिलेड (1967)
  • 6/103 – दिलीप दोशी बनाम ऑस्ट्रेलिया, चेन्नई (1979)

शुभमन गिल और केएल राहुल ने भी बनाए खास रिकॉर्ड

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने इस मुकाबले में कई बड़ी उपलब्धियां अपने नाम कीं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में कप्तान के रूप में 1,000 रन पूरे कर लिए। इसके साथ ही कप्तान के तौर पर उनके नाम अब 6 टेस्ट शतक हो गए हैं। गिल ने कप्तान के रूप में 9 टेस्ट मैचों की 15 पारियों में 82.76 की शानदार औसत से 1,076 रन बनाए हैं। कम से कम 1,000 रन बनाने वाले भारतीय कप्तानों में उनका औसत सबसे बेहतर है, जबकि विश्व क्रिकेट में वह इस मामले में सिर्फ डॉन ब्रैडमैन से पीछे हैं। यह उनके टेस्ट करियर का 11वां शतक भी रहा।

वहीं केएल राहुल ने भी अपने टेस्ट करियर का 12वां शतक जड़ा। अफगानिस्तान के खिलाफ यह उनका पहला टेस्ट शतक रहा। खास बात यह रही कि राहुल के पिछले तीनों टेस्ट शतक ठीक 100 रन पर समाप्त हुए हैं। वह ऐसा अनोखा संयोग बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। भारत की ऐतिहासिक जीत में राहुल और गिल की पारियां टीम की सफलता की मजबूत नींव साबित हुईं।