पश्चिम बंगाल के हावड़ा की 15 वर्षीय प्रतिभाशाली राइफल शूटर दमयंती सेन रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। मध्य हावड़ा के 30/2, उमाचरण भट्टाचार्य लेन निवासी दमयंती शुक्रवार सुबह घर से दुकान पर सामान खरीदने के लिए निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं। परिवार ने काफी तलाश की, मगर उनका कोई सुराग नहीं मिला। उन्हें आखिरी बार हावड़ा रेलवे स्टेशन के एक प्लेटफॉर्म पर देखा गया था, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Howrah Missing Shooter: हावड़ा की 15 वर्षीय राइफल शूटर रहस्यमय तरीके से लापता, हर सुराग खंगाल रही पुलिसSource : NDtv.com
दमयंती के पिता ध्रुवज्योति सेन ने बताया कि उनकी बेटी का चयन राष्ट्रीय टीम के ट्रायल के लिए हुआ था और वह शूटिंग में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही थी। वह रोज सुबह नियमित अभ्यास करती थी और बीती रात भी सामान्य तरीके से समय पर सोई थी। परिवार के मुताबिक, उसका मोबाइल फोन घर पर ही था और घर में किसी तरह का विवाद या तनाव भी नहीं था। ऐसे में उसके अचानक लापता होने से परिवार बेहद चिंतित है, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
हावड़ा थाने में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट
दमयंती सेन के अचानक लापता होने से परिवार, रिश्तेदारों और उनके साथी खिलाड़ियों में चिंता का माहौल है। मामले को लेकर परिजनों ने हावड़ा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। साथ ही, सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों से दमयंती का पता लगाने में मदद की अपील की जा रही है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। हावड़ा सिटी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने
बताया कि मिसिंग डायरी मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस को जहां-जहां से भी कोई सुराग मिल रहा है, वहां पहुंचकर जांच और छानबीन की जा रही है।
