FIFA फाइनल मैच में शिरकत करेंगे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप | Source: NDTVFIFA फाइनल मैच में शिरकत करेंगे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप Source : NDTV

FIFA World Cup 2026: अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे फीफा विश्व कप 2026 का फाइनल अब बेहद खास होने जा रहा है। व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रविवार (स्थानीय समय) को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में मौजूद रहेंगे। ट्रंप की मौजूदगी ऐसे समय में होगी जब ईरान से जुड़े अंतरराष्ट्रीय तनाव और युद्ध की चर्चाएं भी वैश्विक सुर्खियों में हैं।

व्हाइट हाउस ने ट्रंप का पूरा कार्यक्रम बताया

व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने गुरुवार को प्रेस ब्रीफिंग के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप के वीकेंड कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रंप सबसे पहले न्यूयॉर्क स्थित ट्रंप टॉवर में आयोजित FIFA रिसेप्शन में हिस्सा लेंगे। इसके बाद रविवार को वह न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम पहुंचकर स्पेन और अर्जेंटीना के बीच होने वाला फाइनल मुकाबला देखेंगे।

लेविट ने कहा कि यह टूर्नामेंट अमेरिकी इतिहास का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला, सबसे सुरक्षित और सबसे सफल FIFA वर्ल्ड कप साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने दुनिया के सामने बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी करने की अमेरिका की क्षमता को भी प्रदर्शित किया है।

विजेता टीम को ट्रॉफी भी सौंप सकते हैं ट्रंप

FIFA अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो पहले ही संकेत दे चुके हैं कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फाइनल मुकाबले के बाद विजेता टीम को ट्रॉफी सौंपने की प्रक्रिया में भी शामिल होंगे। फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में इन्फेंटिनो ने कहा था कि वह ट्रंप के साथ मिलकर फाइनल का आनंद लेंगे और संयुक्त रूप से विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान करेंगे।

समापन समारोह में मैक्सिको और कनाडा के अधिकारियों को भी आमंत्रित किए जाने की संभावना है। FIFA के परंपरागत नियमों के अनुसार विश्व कप ट्रॉफी को प्रस्तुति समारोह के दौरान विजेता टीम के सामने स्टेज पर लाया जाता है और फिर खिलाड़ियों को सौंपा जाता है।

क्लब वर्ल्ड कप में भी चर्चा में रहे थे ट्रंप, अब स्पेन-अर्जेंटीना फाइनल पर नजर

डोनाल्ड ट्रंप इससे पहले FIFA क्लब वर्ल्ड कप के दौरान भी सुर्खियों में रहे थे। चेल्सी की जीत के बाद वह कप्तान रीस जेम्स के साथ पोडियम पर खड़े नजर आए थे, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे।

अब सभी की निगाहें 19 जुलाई को होने वाले FIFA World Cup 2026 के फाइनल पर टिकी हैं। अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि स्पेन ने फ्रांस को 2-0 से मात देकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। ऐसे में दुनिया की नजरें अब इस हाई-वोल्टेज मुकाबले और राष्ट्रपति ट्रंप की मौजूदगी पर रहेंगी।