Farmers Protest:अमेरिका-भारत ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली किसान घाट पहुंचे किसान, RAF ने लिया हिरासत में | Source: Abp news.com भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के विरोध में मंगलवार को किसान दिल्ली के किसान घाट पहुंचे, जहां प्रदर्शन शुरू होते ही रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

Farmers Protest:अमेरिका-भारत ट्रेड डील के विरोध में दिल्ली किसान घाट पहुंचे किसान, RAF ने लिया हिरासत मेंSource : Abp news.com

भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में किसान आज (मंगलवार, 21 जुलाई) दिल्ली के किसान घाट पर एकत्र हुए। प्रदर्शन शुरू होते ही मौके पर मौजूद रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) ने किसानों को हिरासत में ले लिया। किसान घाट पर दिल्ली पुलिस और RAF के जवान पहले से तैनात थे। जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए किसानों को वहां मौजूद बसों में बैठाकर दूसरे स्थान पर ले जाया गया।

उधर, हरियाणा और पंजाब से दिल्ली की ओर आ रहे किसानों को राजधानी की सीमाओं पर ही रोक दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत किसानों को किसान घाट तक पहुंचने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

ट्रेड डील क्यों रद्द कराना चाहते हैं किसान?

मीडिया से खास बातचीत के दौरान किसानों ने कहा कि उन्हें यह ट्रेड डील मंजूर नहीं है. इस समझौते से किसानों की फसलों का उचित दाम नहीं मिलेगा. इससे किसानों को भारी नुकसान होगा. इस लिए ट्रेड डील समझौता रद्द होना चाहिए.

किसान घाट पर कड़ी की गई सुरक्षा व्यवस्था

किसानों के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए किसान घाट पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान भी मौके पर तैनात हैं। वहीं, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश से दिल्ली पहुंचने की कोशिश कर रहे किसानों को राजधानी की सीमाओं पर ही रोक दिया गया है।

करनाल में किसानों और पुलिस के बीच आमना-सामना

हरियाणा के करनाल स्थित बसताड़ा टोल प्लाजा पर किसान बड़ी संख्या में पहुंचे, जहां उनकी पुलिस से आमने-सामने की स्थिति बन गई। इस दौरान नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। दरअसल, किसान दिल्ली की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके चलते हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया।

'मिलकर किसानों की समस्याओं का समाधान करेंगे' - अशोक मित्तल

बीजेपी सांसद अशोक मित्तल ने किसानों के प्रदर्शन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि किसान दिल्ली बॉर्डर की ओर बढ़ रहे हैं और उनकी समस्याओं का समाधान मिलकर किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किसानों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया था। ऐसे में जब माहौल सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहा हो, तो उसे खराब नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि देश का युवा ऐसा कोई कदम नहीं उठाएगा, जो राष्ट्रहित के खिलाफ हो।