Congress

Congress

पटना। उत्तराखंड में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे के विरोध में बिहार कांग्रेस ने पटना में प्रदर्शन किया। बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में गोसाई टोला मोड़ के आगे मरीन ड्राइव मोड़ के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध जताया और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे को राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।

कृष्णा अल्लावरू ने कहा कि मुकदमा दर्ज करने से राहुल गांधी की आवाज दबाई नहीं जा सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करते रहेंगे। उनके अनुसार राहुल गांधी की लड़ाई गरीब, दलित, पिछड़े, युवा, किसान और मजदूरों के अधिकारों से जुड़ी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि राहुल गांधी लगातार संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के मुद्दों को उठाते रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय विपक्षी नेताओं के खिलाफ मुकदमों का सहारा लिया जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि दलितों, पिछड़ों, गरीबों और वंचितों के अधिकारों के मुद्दे उठाने पर राहुल गांधी को निशाना बनाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने मुकदमा वापस लेने की मांग दोहराई।

प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा, मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, असितनाथ तिवारी, मिन्नत रहमानी, पंकज यादव, कमल कमलेश, कुमार आशीष, राजीव मेहता, शिव प्रकाश गरीब दास, कुमारी सोनी, गुंजन पटेल, ज्ञान रंजन, चंद्रभूषण राजपूत, डॉ. अमन कुमार, विमलेश तिवारी, कुमारी अनिता, रंजीत वाल्मीकी, राहुल पासवान, विशाल यादव, मेनका कुमारी, रवि कुमार, सत्येंद्र कुमार, पूनम यादव, डॉ. परवेज, प्रधान और शिवम राज समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।