बेंगलुरु

बेंगलुरु


पटना/बेंगलुरु। बिहार की कला, संस्कृति और लोक परंपराओं को राष्ट्रीय मंच पर सामने लाने के लिए बेंगलुरु में ‘बिहार महोत्सव-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी गुरुवार को महोत्सव के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने बेंगलुरु पहुंचे। एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद प्रवासी बिहारियों ने दोनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।

बेंगलुरु पहुंचने के बाद संजय सरावगी श्री श्री गौशाला भी गए, जहां उन्होंने गौ सेवा की और गायों को फल खिलाए।

एयरपोर्ट पर मिले स्वागत को लेकर सरावगी ने कहा कि बिहार से दूर रहकर भी अपनी माटी, संस्कृति और संस्कारों से जुड़े लोगों का स्नेह और अपनापन उनके लिए भावुक करने वाला है। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले बिहार के लोग अपनी मेहनत, प्रतिभा और संस्कारों से राज्य की पहचान को मजबूत कर रहे हैं।


लोक संस्कृति को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

‘बिहार महोत्सव-2026’ में बिहार की लोक परंपराओं, कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। सरावगी ने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक पहचान को देश के दूसरे हिस्सों तक पहुंचाने में ऐसे आयोजन अहम भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक कला और हस्तशिल्प बिहार की समृद्ध विरासत का हिस्सा हैं। बेंगलुरु में होने वाला यह आयोजन प्रवासी बिहारियों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ दूसरे राज्यों के लोगों को भी बिहार की संस्कृति को करीब से जानने का अवसर देगा।