नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सोमवार को प्रस्तावित संसद मार्च को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पूरी नई दिल्ली को हाई अलर्ट पर रखा है और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
t
नई दिल्ली को 15 सुरक्षा जोन में बांटा गया
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नई दिल्ली जिले को 15 जोन में विभाजित किया गया है। इन सभी क्षेत्रों में दिल्ली पुलिस के साथ केंद्रीय अर्धसैनिक बल (CAPF) की 25 बटालियन भी तैनात की गई हैं। कुल मिलाकर 5,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।
संवेदनशील इलाकों और मेट्रो स्टेशनों पर कड़ी निगरानी
पुलिस ने संसद मार्ग, जंतर-मंतर, प्रधानमंत्री आवास के आसपास के इलाकों और प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। आने-जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इंटेलिजेंस एजेंसियां भी अलर्ट पर
दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच और अन्य खुफिया एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों को समय-समय पर जंतर-मंतर पर जुटने वाली भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
मार्च को लेकर प्रशासन सतर्क
पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित होने से रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। प्रदर्शन के दौरान स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
