Source: Buxar Khabar

Source: Buxar Khabar

बक्सर जिले के इटाढ़ी थाना क्षेत्र के चिलबिला गांव में गुरुवार को जमीन के पुराने झगड़े ने एक व्यक्ति की जान ले ली। कुकुढ़ा पंचायत के सरपंच सुभाष यादव की डेढ़ बीघा जमीन को लेकर हुए विवाद में हत्या कर दी गई। गांव के लोगों के अनुसार, इस जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से तनातनी चल रही थी। मामला कई बार पुलिस और अंचल कार्यालय तक भी पहुंचा, लेकिन इसका कोई हल नहीं निकल सका।

गुरुवार सुबह सुभाष यादव अपने खेत में धान की रोपाई कराने के लिए ट्रैक्टर लेकर पहुंचे थे। इसी बीच दूसरे पक्ष के लोग भी वहां आ गए और जमीन पर अपना दावा करने लगे। पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन थोड़ी ही देर में माहौल बिगड़ गया और मारपीट शुरू हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव फैल गया। वहीं, परिजनों का कहना है कि अगर प्रशासन पहले ही इस विवाद को सुलझा देता, तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती।

कई लोगों ने मिलकर किया हमला

मृतक के परिजनों का कहना है कि दूसरे पक्ष के 15 से 20 लोग लाठी डंडे लेकर खेत पर पहुंचे थे। आरोप है कि सभी ने मिलकर सुभाष यादव की पिटाई कर दी। जब उनके बेटे भूमेश यादव और विंटेस सिंह अपने पिता को बचाने पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इस हमले में सुभाष यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। फिलहाल दोनों का इलाज बक्सर के सदर अस्पताल में चल रहा है।

पहले भी पुलिस और प्रशासन को दी गई थी जानकारी

ग्रामीणों के मुताबिक, डेढ़ बीघा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी पहले से विवाद चल रहा था। इस मामले की शिकायत पुलिस और अंचल कार्यालय में भी की गई थी। हालांकि, काफी दिनों तक कोई समाधान नहीं निकल सका। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अगर समय रहते दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया जाता या कार्रवाई की जाती, तो आज सुभाष यादव की जान नहीं जाती।

अस्पताल के बाहर लोगों का गुस्सा फूटा

घटना की खबर मिलते ही गांव के लोग और सरपंच के समर्थक बड़ी संख्या में सदर अस्पताल पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने अस्पताल के मुख्य गेट के सामने शव रखकर बक्सर चौसा मुख्य सड़क को जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनोवाहनों गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम खत्म कराया।