
बिहार में कारोबार की अपार संभावनाएं
पटना, 2 सितंबर। बिहार में कृषि और व्यापार को साथ लेकर आर्थिक गतिविधियों को गति देने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जोर दिया है। बिहार राज्य खाद्यान्न व्यवसायिक संघ के राज्यस्तरीय सम्मेलन और 101वीं रामलखन प्रसाद गुप्त जयंती समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने किसानों और व्यापारियों से मिलकर राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की अपील की।
बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रामलखन प्रसाद गुप्त को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि किसान की मेहनत और बाजार की ताकत साथ आती है तो समृद्धि का रास्ता खुलता है। बिहार की आर्थिक प्रगति में किसानों के साथ खाद्यान्न एवं खाद्य पदार्थ व्यवसायियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कारोबार और उद्यमिता के लिए काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने बिहार से बाहर रह रहे लोगों से वापस लौटकर राज्य में उद्यम और व्यवसाय शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार कारोबार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।
छोटे कारोबारियों के लिए बाजार समितियों में जगह
मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग को निर्देश दिया कि बाजार समितियों में छोटे-छोटे स्थान उपलब्ध कराने के लिए योजना तैयार की जाए। इससे छोटे व्यवसायियों और खाद्यान्न कारोबार से जुड़े लोगों को अपना कारोबार चलाने के लिए उपयुक्त जगह मिल सकेगी। साथ ही स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने और किसानों तथा व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कृषि उत्पादन को बाजार से जोड़ने, व्यापार को आसान बनाने और रोजगार एवं उद्यमिता के अवसर बढ़ाने के लिए किसानों और व्यवसायियों को साथ मिलकर आगे बढ़ने की जरूरत बताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने में किसान और व्यापारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, बिहार विधानसभा के सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक एवं विधायक संजीव चौरसिया, पटना नगर निगम की मेयर सीता साहू समेत अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
