
Bjp
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर बिहार भाजपा एक महीने तक व्यापक ‘सेवा माह’ चलाएगी। 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान में सेवा, जनकल्याण, सामाजिक सरोकार और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का लक्ष्य प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में किए गए कार्यों और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ सेवा गतिविधियों के जरिए अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना है।
अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में राज्यस्तरीय कार्यशाला हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने विभिन्न जिलों से पहुंचे नेताओं और पदाधिकारियों को अभियान की रूपरेखा समझाई। कार्यशाला में कार्यक्रमों के आयोजन, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर चर्चा हुई।
‘सेवा पखवाड़े’ को इस बार मिला व्यापक स्वरूप
संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को पहले से ही सेवा पखवाड़े के रूप में मनाती रही है, लेकिन सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के कारण इस बार कार्यक्रम को एक महीने के व्यापक अभियान का स्वरूप दिया गया है। उनके मुताबिक 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला ‘सेवा माह’ प्रधानमंत्री की सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण की यात्रा को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक के सफर में गरीब, किसान, युवा, महिला, वंचित और कमजोर वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी। भाजपा कार्यकर्ता सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास करेंगे।
‘यह राजनीतिक सफर नहीं, तपस्या है’
प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने को महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के शपथ लेने से 7 अक्टूबर 2026 तक संवैधानिक पद पर जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होंगे। उन्होंने इसे केवल राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि ‘तपस्या’ बताया।
सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सत्ता को शासन करने के बजाय समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा का माध्यम बनाने का संदेश दिया है। उन्होंने ‘अंत्योदय’ और ‘राष्ट्र प्रथम’ को उनकी कार्यशैली का आधार बताते हुए जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही राम मंदिर और अनुच्छेद 370 जैसे मुद्दों को भी प्रधानमंत्री के कार्यकाल की उपलब्धियों से जोड़ते हुए कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है।
लाभार्थियों से संपर्क और युवाओं से संवाद पर जोर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेवा अभियान के दौरान छूटे हुए लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, युवाओं के साथ संवाद बढ़ाने और ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को जमीन पर उतारने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सेवा किसी एक अभियान की गतिविधि नहीं, बल्कि संगठन की कार्यसंस्कृति का हिस्सा है। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलने वाला यह अभियान कार्यकर्ताओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को और मजबूत करने का अवसर देगा।
जिलों में कार्यक्रमों की जिम्मेदारी तय
कार्यशाला में बिहार के विभिन्न जिलों से चुनिंदा पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। जिलों में होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा के साथ उनके सफल संचालन के लिए संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी तय की गईं। पार्टी ने अभियान में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा है।
‘सेवा संकल्प’ अभियान के संचालन के लिए प्रदेश भाजपा ने सात सदस्यीय टोली भी गठित की है। इसमें प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, मंत्री संजय सिंह टाइगर, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष पिंकी कुशवाहा, युवा मोर्चा अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, प्रदेश मंत्री मनोज चौधरी, जिला प्रभारी संजीव यादव और अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक वीरेंद्र चंद्रवंशी शामिल हैं।
कार्यशाला में ये नेता रहे मौजूद
कार्यशाला में प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया, राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शंभू, बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल, विजय कुमार सिन्हा, रामकृपाल यादव, इं. शैलेन्द्र, मिथिलेश तिवारी, संजय टाइगर और प्रमोद चंद्रवंशी, कार्यक्रम संयोजक सह प्रदेश महामंत्री नितिन अभिषेक, प्रदेश महामंत्री प्रीति शेखर, राजू झा, धनराज शर्मा, सरोज रंजन पटेल, महिला आयोग की सदस्य पिंकी कुशवाहा समेत बिहार सरकार के मंत्री, विधायक, जिलाध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।
सरावगी ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से शुरू होने वाला यह अभियान बिहार में सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का व्यापक संदेश देगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अभियान को सफल बनाने के लिए जुटेगा और प्रधानमंत्री के राष्ट्रसेवा एवं राष्ट्रनिर्माण के संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाएगा।
