erer | Source: erलखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने राज्य ग्राम्य विकास संस्थान में सीनियर इंस्ट्रक्टर के 132 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इस भर्ती की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अभ्यर्थियों को अलग से प्रारंभिक परीक्षा नहीं देनी होगी। PET 2025 के स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-06 के तहत ₹35,400 से लेकर ₹1,12,400 रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा।

14 सितंबर से शुरू होगा आवेदन, 5 अक्टूबर तक मौका

UPSSSC की इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर 2026 से शुरू होगी। योग्य अभ्यर्थी 5 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन शुल्क जमा करने और फॉर्म में संशोधन की अंतिम तारीख 12 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 25 रुपये रखा गया है।

कई अहम क्षेत्रों में होगी सीनियर इंस्ट्रक्टर की भर्ती

इस भर्ती के तहत सीनियर इंस्ट्रक्टर के अलग-अलग पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इनमें कृषि अभियांत्रिकी, पौध संरक्षण, उद्यान विज्ञान, पशुपालन, शस्य विज्ञान, महिला कल्याण, सहकारिता, पंचायत, मृदा विज्ञान, कृषि, कृषि प्रसार, सार्वजनिक स्वास्थ्य और उत्पादन जैसे क्षेत्र शामिल हैं। प्रत्येक पद के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग निर्धारित की गई है।

बीएससी से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक की योग्यता

कृषि अभियांत्रिकी पद के लिए कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ कृषि अभियांत्रिकी में डिग्री मांगी गई है। पौध संरक्षण, शस्य विज्ञान और मृदा विज्ञान जैसे पदों के लिए कृषि विषय में बीएससी की योग्यता निर्धारित है। पशुपालन पद के लिए बीएससी या एमएससी पशुपालन की डिग्री जरूरी है।

महिला कल्याण पद के लिए गृह विज्ञान, गृह-अर्थशास्त्र, पोषणाहार या आहार विषय में बीएससी की योग्यता चाहिए। सहकारिता और पंचायत से जुड़े पदों के लिए अर्थशास्त्र, कृषि अर्थशास्त्र, वाणिज्य या समाजशास्त्र जैसे विषयों में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता रखी गई है। वहीं कृषि पद के लिए कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन जरूरी है।

21 से 40 वर्ष की उम्र वाले कर सकेंगे आवेदन

सीनियर इंस्ट्रक्टर भर्ती के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में सरकारी नियमों के अनुसार छूट मिलेगी। आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता के साथ PET 2025 का स्कोरकार्ड भी होना चाहिए।

PET वालों के लिए सबसे खास है यह मौका

इस भर्ती में अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा देने की जरूरत नहीं होगी। PET 2025 में प्राप्त अंकों के आधार पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को निर्धारित कटऑफ के अनुसार मुख्य परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद मुख्य परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम मेरिट तैयार होगी। यानी PET 2025 का स्कोर रखने वाले योग्य अभ्यर्थी सीधे इस चयन प्रक्रिया के अगले चरण में पहुंच सकेंगे।

100 अंकों की होगी मुख्य परीक्षा

सीनियर इंस्ट्रक्टर भर्ती की मुख्य परीक्षा 100 अंकों की होगी। इसमें 100 सवाल पूछे जाएंगे और परीक्षा पूरी करने के लिए 120 मिनट का समय मिलेगा। प्रश्नों में ग्राम्य विकास से संबंधित विषयगत ज्ञान, विश्लेषणात्मक क्षमता, डाटा इंटरप्रिटेशन, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी की अवधारणाओं तथा तकनीकी विकास और नवाचार से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य जानकारी भी परीक्षा का हिस्सा होगी।

UPSSSC Senior Instructor Recruitment 2026 की जरूरी जानकारी

भर्ती आयोग: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC)

विज्ञापन संख्या: 21-परीक्षा/2026

पद: सीनियर इंस्ट्रक्टर

कुल पद: 132

आवेदन शुरू: 14 सितंबर 2026

अंतिम तारीख: 5 अक्टूबर 2026

फीस/संशोधन की अंतिम तारीख: 12 अक्टूबर 2026

आयु सीमा: 21 से 40 वर्ष

वेतनमान: ₹35,400 से ₹1,12,400 प्रतिमाह

आवेदन शुल्क: ₹25

चयन प्रक्रिया: PET 2025 स्कोर, मुख्य परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन

मुख्य परीक्षा: 100 अंक, 100 प्रश्न, 120 मिनट