यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी 3 फेम अरमान मलिक अक्सर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं। अब एक बार फिर वह विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में उनके एक व्लॉग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ है, जिसमें वह अपनी दोनों पत्नियों पायल मलिक और कृतिका मलिक के पहनावे को लेकर टिप्पणी करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में अरमान ने पायल के कपड़ों को लेकर नाराजगी जताई, जिसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी जमकर आलोचना शुरू कर दी।
अरमान मलिक का वीडियो हुआ वायरल
वायरल वीडियो में अरमान मलिक अपनी पत्नी पायल मलिक से उनके कपड़ों को लेकर बातचीत करते नजर आते हैं। अरमान ने कहा कि उन्होंने पायल के लिए नई नाइटी खरीदी थी, लेकिन इसके बावजूद वह सुबह टी-शर्ट और हाफ पैंट पहनकर आ गईं। इस पर पायल ने सफाई देते हुए कहा कि वह बच्चे की देखभाल में व्यस्त थीं।
पायल की बात सुनने के बाद अरमान ने कहा, मैं रोज-रोज नहीं लाऊंगा। पहनकर तो दिखाओ मुझे। फिर कहते हैं कि पति प्यार नहीं करता। अगर ऐसे ही लोअर और टी-शर्ट में घूमोगी तो पति कैसे प्यार करेगा? कुछ महीनों में तलाक दे देगा। जितना खुद को संवारकर और अच्छा प्रस्तुत कर सकते हो, उतना करना चाहिए। अरमान के इस बयान के सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और लोगों ने उनकी आलोचना शुरू कर दी।
यूजर्स का फूटा गुस्सा
अरमान मलिक की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने लिखा, अरमान हमेशा पायल की आलोचना करते हैं और कृतिका का पक्ष लेते हैं। वहीं दूसरे यूजर ने सवाल किया, क्या प्यार किसी के कपड़ों और रूप-रंग पर निर्भर करता है?

एक अन्य यूजर ने लिखा, वह आखिर उनके साथ रह क्यों रही हैं? जबकि किसी ने कहा, पायल के लिए सच में बुरा लग रहा है। एक अन्य टिप्पणी में लिखा गया, खुद टी-शर्ट पहनकर बैठे हैं और दूसरों को सलाह दे रहे हैं।
कौन हैं अरमान मलिक?
बता दें कि अरमान मलिक का असली नाम संदीप है और वह हरियाणा के हिसार के रहने वाले हैं। कंटेंट क्रिएटर बनने से पहले वह एक निजी बैंक में नौकरी करते थे। बाद में उन्होंने दिल्ली का रुख किया और सोशल मीडिया की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई।
अरमान को देशभर में बड़ी पहचान तब मिली जब उन्होंने 21 जून 2024 को शुरू हुए बिग बॉस ओटीटी ३ में अपनी दोनों पत्नियों पायल मलिक और कृतिका मलिक के साथ एंट्री की थी।
अरमान की पहली शादी साल 2011 में पायल मलिक से हुई थी। इसके बाद साल 2018 में उन्होंने पायल की सबसे करीबी दोस्त कृतिका मलिक से दूसरी शादी कर ली। अरमान और पायल के चार बच्चे हैं, जबकि कृतिका मलिक से उनका एक बेटा है।

