ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर मिलने वाले खाने की गुणवत्ता सुधारने के लिए IRCTC ने नई तकनीक का इस्तेमाल शुरू किया है। अब एआई (Artificial Intelligence) आधारित कैमरे रसोईघरों की निगरानी करेंगे और खाने में गंदगी या कीड़ों की मौजूदगी का पता लगाते ही अलर्ट भेजेंगे।


800 से ज्यादा किचन पर AI की निगरानी

IRCTC के देशभर में मौजूद 800 से अधिक बेस किचन में 2,394 एआई कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी दिल्ली स्थित केंद्रीय कंट्रोल रूम से की जा रही है। इसका उद्देश्य यात्रियों को साफ और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना है।

मक्खी, कॉकरोच और छोटे कीड़े भी पकड़ लेगा सिस्टम

एआई सिस्टम रसोई में होने वाली 9 तरह की गड़बड़ियों की पहचान कर सकता है। इसमें सफाई की कमी, हेयरनेट और ग्लव्स न पहनना, गंदगी, चूहे, मक्खी, कॉकरोच और छोटे कीड़ों की मौजूदगी शामिल है। बताया गया है कि यह सिस्टम 7 से 8 मिलीमीटर तक के छोटे कीड़ों को भी पहचान सकता है।


गड़बड़ी मिलते ही जाएगा अलर्ट

कैमरों को एआई तकनीक से जोड़ा गया है। जैसे ही कोई गड़बड़ी दिखाई देती है, संबंधित किचन मैनेजर को तुरंत अलर्ट भेजा जाता है। समय पर सुधार नहीं होने पर मामले को आगे बढ़ाया जाता है और जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है।

हर दिन मिल रहे सैकड़ों अलर्ट

IRCTC के अनुसार, कैमरों से रोजाना औसतन 350 अलर्ट मिलते हैं। पिछले एक महीने में 13,550 से अधिक अलर्ट दर्ज किए गए। सबसे ज्यादा मामले उत्तरी क्षेत्र से सामने आए हैं।