कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई। याचिका में कोर्ट से मांग की गई थी कि मामले की जल्द सुनवाई की जाए और प्रदर्शन को लेकर जरूरी निर्देश जारी किए जाएं। हालांकि दिल्ली हाईकोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि याचिका पर सुनवाई तय प्रक्रिया और निर्धारित समय के अनुसार ही होगी।

सेव इंडिया फाउंडेशन ने दाखिल की याचिका

यह याचिका सेव इंडिया फाउंडेशन नाम के एक संगठन की ओर से दायर की गई है। याचिका में कहा गया है कि सार्वजनिक प्रदर्शन और धरनों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने जो दिशा-निर्देश तय किए हैं, उनका पालन कराया जाए। संगठन का कहना है कि किसी भी बड़े प्रदर्शन से पहले जरूरी अनुमति और नियमों का पालन होना चाहिए ताकि आम लोगों को परेशानी न हो और कानून-व्यवस्था बनी रहे।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी

कॉकरोच जनता पार्टी ने 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़े विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी के संस्थापक और नेता अभिजीत दीपके ने अपने समर्थकों से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की है। बताया जा रहा है कि देश के अलग-अलग राज्यों से समर्थक इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं।

हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से अनुमति लेने को लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। इसी वजह से प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

अमेरिका से भारत पहुंचे अभिजीत दीपके

प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके अमेरिका से भारत के लिए रवाना हुए। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, "भारत के लिए निकल गया हूं। मैं अपना भविष्य संविधान के हाथों में छोड़ता हूं। जय भीम। "उनकी इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर भी आंदोलन को लेकर काफी चर्चा शुरू हो गई। समर्थक लगातार पोस्ट शेयर कर रहे हैं और प्रदर्शन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

क्यों चर्चा में है कॉकरोच जनता पार्टी?

पिछले कुछ महीनों में कॉकरोच जनता पार्टी सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आई है। पार्टी और उसके समर्थक शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, युवाओं की समस्याओं और सरकारी नीतियों से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। इसी कड़ी में दिल्ली में इस बड़े प्रदर्शन का आयोजन किया गया है।

सेव इंडिया फाउंडेशन को पहले भी मिली थी फटकार

दिल्ली हाईकोर्ट पहले भी सेव इंडिया फाउंडेशन को फटकार लगा चुका है। फरवरी में कोर्ट ने संगठन द्वारा दाखिल कुछ जनहित याचिकाओं पर नाराजगी जताई थी। उस दौरान अदालत ने कहा था कि बिना पर्याप्त आधार के बार-बार याचिकाएं दाखिल करना न्यायिक प्रक्रिया का दुरुपयोग माना जा सकता है। कोर्ट ने यह भी कहा था कि ऐसे मामलों में सावधानी बरतनी चाहिए ताकि किसी तरह का सामाजिक या सांप्रदायिक तनाव पैदा न हो।

प्रदर्शन पर टिकीं निगाहें

दिल्ली हाईकोर्ट ने फिलहाल मामले पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया है। ऐसे में जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सभी की नजरें दिल्ली प्रशासन और प्रदर्शनकारियों पर टिकी हैं। वहीं याचिका पर आगे तय समय पर सुनवाई होगी।

कॉकरोच जनता पार्टी का कहना है कि उनका प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा, जबकि प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी तैयारियों में जुटा हुआ है।