सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लाखों लोगों को हैरानी में डाल दिया है। जिस उम्र में बच्चे खिलौनों वाली गाड़ियों और जेसीबी से खेलते हैं, उसी उम्र का एक छोटा बच्चा भारी-भरकम पोकलेन मशीन चलाता नजर आ रहा है। बच्चे का आत्मविश्वास, मशीन पर पकड़ और उसे नियंत्रित करने का तरीका देखकर लोग दंग रह गए हैं। यही वजह है कि यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
खिलौनों से नहीं, असली मशीन से खेलता दिखा बच्चा
वायरल वीडियो में एक छोटा बच्चा पोकलेन मशीन के केबिन में बैठा दिखाई देता है। आमतौर पर इतनी बड़ी मशीनों को चलाने के लिए लंबे अनुभव और विशेष प्रशिक्षण की जरूरत होती है, लेकिन यह बच्चा बेहद सहज अंदाज में मशीन के कंट्रोल संभालता नजर आता है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि वीडियो में उसके साथ कोई वयस्क व्यक्ति दिखाई नहीं देता। बच्चा अकेले ही मशीन के लीवर और कंट्रोल्स का इस्तेमाल करता दिख रहा है, जिसे देखकर लोगों को अपनी आंखों पर यकीन करना मुश्किल हो रहा है।
नन्हे हाथों का कमाल देख चौंक गए लोग
वीडियो में नीली टी-शर्ट पहने बच्चा ड्राइवर सीट पर बैठा दिखाई देता है। उसके पैर भले ही मशीन के नीचे तक ठीक से न पहुंच रहे हों, लेकिन उसके हाथ पूरे आत्मविश्वास के साथ कंट्रोल्स पर जमे हुए हैं।
वीडियो के अगले हिस्से में बच्चा मशीन को मिट्टी और कीचड़ के बीच ऑपरेट करता नजर आता है। विशाल बकेट को ऊपर-नीचे करना और मशीन को आगे बढ़ाना उसके लिए किसी मुश्किल काम जैसा नहीं दिखता। उसके चेहरे पर न डर दिखाई देता है और न ही घबराहट, बल्कि वह पूरी एकाग्रता के साथ मशीन चलाता नजर आता है।
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने बच्चे के आत्मविश्वास और कौशल की जमकर तारीफ की। एक यूजर ने मजाक में लिखा, "लगता है यह बच्चा पिछले जन्म में भी पोकलेन ऑपरेटर था।"
वहीं कुछ लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता भी जताई। उनका कहना था कि प्रतिभा अपनी जगह है, लेकिन इतनी कम उम्र में किसी बच्चे को इतनी भारी मशीन के साथ अकेला छोड़ना जोखिम भरा हो सकता है। फिलहाल यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग नन्हे "मशीन मास्टर" की खूब बातें कर रहे हैं।
कुछ बच्चे खिलौनों से खेलते हैं... और कुछ ऐसे होते हैं, जिनके खिलौने भी असली मशीनें लगते हैं|
