दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में लगी भीषण आग ने एक बार फिर लोगों को आग से सुरक्षा को लेकर सतर्क कर दिया है। आग की घटनाएं अक्सर अचानक होती हैं, लेकिन ज्यादातर मामलों में इनके पीछे कुछ आम लापरवाहियां होती हैं जिन्हें समय रहते रोका जा सकता है। आइए जानते हैं घर में आग लगने की सबसे बड़ी वजहें क्या हैं और उनसे कैसे बचा जा सकता है।


किचन में छोटी लापरवाही बन सकती है बड़ा खतरा

घर में आग लगने की सबसे ज्यादा घटनाएं किचन से जुड़ी होती हैं। गैस पर खाना बनाते समय उसे बिना निगरानी छोड़ देना, चूल्हे के पास कपड़े या ज्वलनशील सामान रखना और ज्यादा तापमान पर खाना पकाना आग का कारण बन सकता है। इसलिए खाना बनाते समय हमेशा सतर्क रहें और किचन को साफ-सुथरा रखें।


खराब वायरिंग और ओवरलोड सॉकेट

पुरानी बिजली की वायरिंग, एक ही सॉकेट में कई उपकरण लगाना और खराब इलेक्ट्रॉनिक सामान का इस्तेमाल भी आग लगने की बड़ी वजह बन सकता है। कई बार शॉर्ट सर्किट की वजह से आग दीवारों के अंदर ही फैलने लगती है। ऐसे में समय-समय पर घर की वायरिंग और बिजली के उपकरणों की जांच कराना जरूरी है।


चार्जर और बैटरी डिवाइस से भी खतरा

मोबाइल, लैपटॉप, पावर बैंक और अन्य बैटरी से चलने वाले उपकरण भी आग का कारण बन सकते हैं। नकली या खराब गुणवत्ता वाले चार्जर का इस्तेमाल करने से बैटरी गर्म हो सकती है। इसके अलावा डिवाइस को लंबे समय तक चार्जिंग पर छोड़ना भी जोखिम बढ़ा सकता है।


मोमबत्ती, दीया और अगरबत्ती का रखें ध्यान

मोमबत्ती, अगरबत्ती, दीया या किसी भी खुली आग वाली चीज का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतना जरूरी है। इन्हें पर्दों, कागज या अन्य ज्वलनशील वस्तुओं के पास रखने से आग तेजी से फैल सकती है। घर से बाहर निकलने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि ऐसी सभी चीजें पूरी तरह बुझ चुकी हों।


एयरोसोल कैन और ज्वलनशील सामान

डिओडोरेंट, एयर फ्रेशनर और अन्य एयरोसोल उत्पाद गर्मी या आग के संपर्क में आने पर फट सकते हैं। इन्हें गैस, हीटर या सीधी धूप वाली जगह पर रखने से बचना चाहिए। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है।


घर में जमा कबाड़ भी बढ़ाता है जोखिम

घर में जरूरत से ज्यादा कागज, पुराने कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामान जमा होने से आग तेजी से फैल सकती है। इसके अलावा आपातकालीन स्थिति में बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है। इसलिए घर को व्यवस्थित रखना और बेकार सामान हटाते रहना जरूरी है।


सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव

विशेषज्ञों का मानना है कि आग से बचाव का सबसे आसान तरीका सावधानी और नियमित जांच है। घर की वायरिंग, गैस कनेक्शन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और ज्वलनशील वस्तुओं पर ध्यान देकर कई बड़े हादसों को रोका जा सकता है। छोटी-छोटी सावधानियां आपके परिवार और घर दोनों को सुरक्षित रखने में मदद करती हैं।