आजकल फिट रहने और वजन कम करने के लिए लोग घंटों जिम में पसीना बहाते हैं। सख्त डाइट फॉलो करते हैं और हर दिन वर्कआउट भी करते हैं। लेकिन कई बार इतनी मेहनत के बावजूद वजन कम नहीं होता। ऐसे में लोग निराश हो जाते हैं और सोचते हैं कि आखिर कमी कहां रह गई।

असल में वजन घटाना सिर्फ एक्सरसाइज का खेल नहीं है। इसके पीछे शरीर का मेटाबॉलिज्म, खान-पान, नींद, तनाव और वर्कआउट का तरीका जैसे कई फैक्टर्स काम करते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर सही बैलेंस न रखा जाए तो रोजाना कसरत करने के बावजूद शरीर फैट बर्न नहीं कर पाता।

सिर्फ वर्कआउट नहीं, कैलोरी बैलेंस भी है जरूरी।

अक्सर लोग यह मान लेते हैं कि अगर उन्होंने एक घंटा जिम कर लिया तो अब कुछ भी खा सकते हैं। लेकिन यही सबसे बड़ी गलती साबित होती है। वजन घटाने का सबसे जरूरी नियम है “कैलोरी डेफिसिट”। यानी शरीर जितनी कैलोरी खर्च करे उससे कम कैलोरी लेना।

अगर आप हैवी वर्कआउट के बाद तला भुना खाना, मिठाई, कोल्ड ड्रिंक या जंक फूड खाते हैं। तो आपकी पूरी मेहनत बेकार हो सकती है। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि वजन घटाने के दौरान डाइट में प्रोटीन, फाइबर, सलाद, दाल, फल और हरी सब्जियों को शामिल करना बेहद जरूरी होता है।

इसके अलावा ज्यादा देर भूखे रहने से भी बचना चाहिए। क्योंकि इससे मेटाबॉलिज्म स्लो हो सकता है और शरीर फैट स्टोर करने लगता है।


कम नींद और तनाव भी बढ़ा सकते हैं वजन।

कई लोग डाइट और जिम पर ध्यान देते हैं लेकिन नींद और मानसिक तनाव को नजरअंदाज कर देते हैं। हेल्थ रिपोर्ट्स के अनुसार अगर कोई व्यक्ति रोज 7 से 8 घंटे की अच्छी नींद नहीं लेता। तो शरीर में हार्मोनल बदलाव शुरू हो जाते हैं।

तनाव के दौरान शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन बढ़ जाता है। जो खासतौर पर पेट के आसपास फैट जमा करने का कारण बनता है। यही वजह है कि कई लोग लगातार एक्सरसाइज करने के बाद भी बैली फैट कम नहीं कर पाते।

डॉक्टर्स सलाह देते हैं कि वजन घटाने के लिए सिर्फ जिम नहीं। बल्कि रिलैक्स माइंड भी जरूरी है। योग, मेडिटेशन और समय पर सोने की आदत शरीर को तेजी से फिट बनाने में मदद कर सकती है।

रोज एक जैसी एक्सरसाइज करने से रुक सकता है वेट लॉस।

अगर आप महीनों से सिर्फ ट्रेडमिल, रनिंग या कार्डियो ही कर रहे हैं। तो संभव है कि आपका शरीर उस रूटीन का आदी हो गया हो। फिटनेस एक्सपर्ट्स इसे “वेट लॉस प्लेटो” कहते हैं।

इस स्थिति में शरीर पहले जितनी तेजी से कैलोरी बर्न नहीं करता। इसलिए जरूरी है कि समय-समय पर वर्कआउट रूटीन बदला जाए। कार्डियो के साथ स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, HIIT वर्कआउट और बॉडी वेट एक्सरसाइज को शामिल करने से बेहतर रिजल्ट मिल सकते हैं।

इसके अलावा चीट डे के नाम पर जरूरत से ज्यादा खाना भी वजन कम होने की प्रक्रिया को धीमा कर सकता है।

तेजी से वजन घटाने के चक्कर में न करें ये गलती

फिटनेस एक्सपर्ट्स मानते हैं कि बहुत जल्दी वजन घटाने की कोशिश शरीर को नुकसान पहुंचा सकती है। क्रैश डाइट, जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज और बिना सलाह सप्लीमेंट लेना सेहत पर बुरा असर डाल सकता है।

धीरे-धीरे और संतुलित तरीके से घटाया गया वजन ज्यादा समय तक कंट्रोल में रहता है। इसलिए फिटनेस के लिए धैर्य, सही डाइट और हेल्दी लाइफस्टाइल सबसे जरूरी मानी जाती है।